Neighbor Razia about Salim Wastik:एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर हुए जानलेवा हमले के बाद लोनी के अली गार्डन इलाके में दहशत का सन्नाटा पसरा हुआ है. हमले के वक्त आसपास के लोग क्या कर रहे थे? क्या किसी ने हमलावरों को देखा? इन सवालों के जवाब तलाशते हुए जब पड़ोस की महिला रजिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कैसे एक झटके में पूरी कॉलोनी का सुकून छिन गया है. रमजान के पाक महीने में हुई इस खूनी वारदात ने स्थानीय लोगों को इतना डरा दिया है कि बच्चे अब घरों से बाहर निकलने तक में कतरा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
सोकर उठे तो देखा बाहर बहुत भीड़ थी
यूट्यूबर सलीम वास्तिक के ऑफिस के पड़ोस में रहने वाली रजिया ने बताया कि रमजान के चलते लोग सुबह सहरी और नमाज के बाद सो जाते हैं. घटना के वक्त भी ज्यादातर लोग सो रहे थे. रजिया के मुताबिक 'जब हम सुबह 8.30 बजे सोकर उठे तब बाहर भीड़ जमा थी. हमें लगा पड़ोसियों की आपस में कोई बात हो गई होगी.लेकिन बाहर निकलने पर पता चला कि सलीम भाई के साथ बड़ा हादसा हो गया है.' पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने न तो हमलावरों को आते देखा और न ही जाते. लेकिन इस घटना के बाद से उनके बच्चे डरे हुए हैं. रजिया ने कहा कि 'जब इंसान अपने घर में सुरक्षित नहीं ह, तो और कहां होगा? हमारे बच्चों ने डर के मारे न खाना खाया है और न सोए हैं। वे अब घर से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं.'
कैसे हुआ सलीम पर हमला
सलीम वास्तिक के ऑफिस तक पहुंचने का रास्ता काफी कच्चा और खराब है. गंदगी और मिट्टी के बीच बनी इन गलियों में हमलावर बाइक से पहुंचे थे. उन्होंने ऑफिस के अंदर घुसकर सलीम पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए. पुलिस जांच में मुख्य हमलावर के रूप में जिशान की पहचान हुई जिसे पुलिस ने घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर एनकाउंटर में ढेर कर दिया है.
कैसी है सलीम की हालत
हमले के बाद सलीम को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए साकेत शिफ्ट कर दिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति में अब पहले से सुधार है. पुलिस ने सलीम के ऑफिस के शटर को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT









