फिरोजाबाद में एक-दूसरे के प्यार में पड़ीं दो युवतियां, साथ रहने की जिद में घर से भागीं...फिर ये हुआ

सुधीर शर्मा

• 03:01 PM • 28 Feb 2026

Firozabad Same-Sex Relationship Case: फिरोजाबाद में दो बालिग युवतियों के समलैंगिक प्रेम संबंध को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. घर से भागकर साथ रहने की कोशिश कर रहीं दोनों को परिजनों ने थाना उत्तर क्षेत्र के पास पकड़ लिया, जहां सड़क पर जमकर हंगामा हुआ.

UP Tak
Google CTA

Firozabad Same-Sex Relationship Case: कांच की चूड़ियों की खनक के लिए पहचाने जाने वाले फिरोजाबाद में शुक्रवार को माहौल बिगड़ गया. यहां बीच सड़क पर दो युवतियां अपने प्यार के लिए परिवार से भिड़ती नजर आईं तो देखने वालों की भीड़ लग गई. आंसू, गुस्सा, चीखें और जिद, हर भाव उस पल में साफ दिखाई दे रहा था. समाज की बंदिशों के सामने दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामे रहने की कसम दोहराई. परिवार उन्हें अलग करना चाहता था लेकिन वे साथ जीने-मरने की जिद पर अड़ी रहीं. देखते ही देखते यह निजी प्रेम कहानी सार्वजनिक हंगामे में बदल गई और मामला थाने की चौखट तक पहुंच गया लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई.

यह भी पढ़ें...

तीन महीने पहले भी हरियाणा भाग चुकी थीं

जानकारी के मुताबिक, थाना उत्तर क्षेत्र की रहने वाली करीब 18 वर्षीय दो युवतियों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे हैं. परिजनों का कहना है कि यह रिश्ता इतना गहरा हो चुका है कि करीब तीन महीने पहले भी दोनों घर छोड़कर हरियाणा भाग गई थीं. उस समय परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बरामद कर परिवार के सुपुर्द किया था. इसके बाद परिवार ने उन्हें अलग रखने की कोशिशें तेज कर दी थीं.

रिश्तेदारी से लौटते ही फिर बनाई योजना

पिछली घटना के बाद एक युवती को सुधारने की नीयत से उसके परिजनों ने दूर की रिश्तेदारी में भेज दिया था. दो दिन पहले ही वह वापस फिरोजाबाद लौटी थी. बताया जा रहा है कि लौटते ही दोनों ने फिर साथ भागने की योजना बना ली. शुक्रवार सुबह जैसे ही वे घर से निकलीं, परिजनों को शक हो गया. परिवार के लोग तुरंत उनके पीछे लग गए और थाना उत्तर क्षेत्र के पास उन्हें पकड़ लिया. 

बीच सड़क पर हुआ हंगामा

परिजनों ने दोनों युवतियों को घर चलने के लिए समझाने और दबाव बनाने की कोशिश की. लेकिन इस दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों युवतियों ने सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया. वे किसी भी कीमत पर अलग होने को तैयार नहीं थीं. दोनों का साफ कहना था कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहती हैं. परिवार के दबाव और सामाजिक डर के बावजूद उन्होंने एक-दूसरे का साथ न छोड़ने की बात दोहराई. 

पुलिस तक पहुंचा मामला

सड़क पर बढ़ते हंगामे और भीड़ को देखते हुए मामला पुलिस तक पहुंच गया. हालांकि, परिजन फिलहाल कानूनी कार्रवाई से बचना चाहते हैं. बदनामी के डर से परिवार आपसी स्तर पर समझौता कराने और युवतियों को समझाने की कोशिश कर रहा है. पुलिस भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है लेकिन फिलहाल मामला परिवार और युवतियों के बीच बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: कौन जीतेगा रॉबर्ट्सगंज? BJP के भूपेश चौबे के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनेंगे सपा के अविनाश कुशवाहा