Air Force soldier beaten:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में 15 से 20 लोगों की भीड़ मिलकर दो लोगों को लात-घूसों से बुरी तरह पीटती नजर आ रही है. वीडियो में मार खाता ये शख्स कोई आम आदमी नहीं एयर फोर्स का जवान है जो अपने पिता के साथ स्कूटी पर बैठकर कहीं जा रहा था. इस दौरान बीच रास्ते पर घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था. बताया जा रहा है कि भीड़ को देखते हुए एयर फोर्स के जवान प्रथम ने हॉर्न बजा दिया था जिसे लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हाथापाई तक पहुंच गया. इस दौरान नशे में धुत बारातियों और दबंगों ने प्रथम और उनके पिता को बुरी तरह पीटा गया. इस बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
घुड़चढ़ी कार्यक्रम के बीच हुई मारपीट
घटना 19 फरवरी की है जब जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अमरगढ़ में एक घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान एयरफोर्स के जवान प्रथम सिंह अपने शिक्षक पिता के साथ स्कूटी से वहां से गुजर रहे थे.भीड़ के कारण रास्ता बंद था जिस पर एयर फोर्स के जवान प्रथम ने स्कूटी निकालने के लिए हॉर्न बजा दिया. बस इतनी सी बात पर नशे में धुत बारातियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आरोप है कि दबंगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला बोल दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दर्जनों युवकों की भीड़ एक अकेले जवान और उसके बुजुर्ग पिता पर भेड़ियों की तरह टूट पड़ी है. दबंगों ने उन्हें जमीन पर गिरा लिया और फिर लात-घूसों और बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान एयर फोर्स का जवान खुद को बचाने की कोशिश करता रहा. लेकिन दबंगों की सनक के आगे उसकी एक न चली. हमले में पिता और पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. प्रथम सिंह के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी बुलंदशहर शंकर प्रसाद ने बताया कि '19 फरवरी को एक घुड़चढ़ी के दौरान स्कूटी सवार पिता-पुत्र और बारातियों के बीच बहस हुई थी. पिता सरकारी शिक्षक हैं और पुत्र एयरफोर्स में अधिकारी हैं. विवाद स्कूटी निकालने को लेकर शुरू हुआ था. वीडियो के आधार पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया है. वादी पक्ष को आई चोटों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं बाराती पक्ष की ओर से भी कुछ लोगों को चोटें आने की बात कही गई है जिसकी एनसीआर दर्ज की गई है. दोनों पक्षों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.'
ये भी पढ़ें: AI समिट में शर्टलेस होकर प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के नेता जितेंद्र यादव के साथ झांसी से गिरफ्तार हुआ ये प्रद्युम्न कौन है?
ADVERTISEMENT









