Shamli Crime News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां लक्ष्मीपुरा गांव में एक 18 साल के आईटीआई स्टूडेंट गोविंद की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया. वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया था. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में गुस्सा है और पुलिस की कई टीमें कातिलों की तलाश में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT
पढ़ने गया था बेटा लेकिन लौटा नहीं
मृतक गोविंद गांव के ही एक सरकारी शिक्षक सुखबीर सिंह का बेटा था. परिजनों ने बताया कि गोविंद रोजाना की तरह सोमवार रात करीब 11 बजे घर के पास ही स्थित घेर (पशुओं के बांधने या सोने का स्थान) में पढ़ने और सोने के लिए गया था. मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो गोविंद अपने बिस्तर पर नहीं था. उसका गायब होना संदिग्ध लग रहा था जिसके बाद परिवार ने उसे ढूंढना शुरू किया.
जंगल के कुएं में मिला जला हुआ शव
खोजबीन के कुछ घंटों बाद सुबह करीब 9:30 बजे एक राहगीर ने गांव के जंगल में स्थित एक पुराने कुएं के भीतर धुआं और जला हुआ शव देखा. जब पुलिस को सूचना दी गई और शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान गायब छात्र गोविंद के रूप में हुई. यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में दहशत फैल गई.
पुलिस कर रही कार्रवाई
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह स्वयं एक्टिव हुए. उन्होंने बताया कि छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसपी ने आश्वासन दिया है कि 'पुलिस की टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.' फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि इस हत्याकांड की असली वजह का पता लगाया जा सके.
ADVERTISEMENT









