Sonbhadra Toll Plaza Attack: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में लोढ़ी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों की गुंडागर्दी का एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है. टोलकर्मियों ने एक महिला वकील और उनके साथियों के साथ न केवल बदसलूकी की बल्कि उन्हें बाल पकड़कर सड़क पर गिरा-गिराकर पीटा. इस घटना के बाद वकीलों में भारी आक्रोश है.
ADVERTISEMENT
इस मामले से जुड़ी हमारी खास वीडियो रिपोर्ट को यहां नीचे देखा जा सकता है.
आपको बता दें कि लोढ़ी टोल प्लाजा पर टैक्स और कतार में लगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि टोलकर्मियों ने कानून को हाथ में लेते हुए एक महिला अधिवक्ता और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया. आइए आपको सिलसिलेवार इस मामले की जानकारी देते हैं. असल में महिला अधिवक्ता आरती पांडे अपने साथियों (नवीन सिंह और अवनीश दुबे) के साथ ओबरा जा रही थीं. टोल पर गाड़ियों की लंबी कतार थी. जब नवीन सिंह ने देरी का कारण पूछा और बताया कि 35 सेकंड से ज्यादा समय लगने पर टोल फ्री हो जाता है, तो टोलकर्मी भड़क गया और मां-बहन की भद्दी गालियां देने लगा.
विवाद बढ़ने पर टोलकर्मियों ने नवीन सिंह और अवनीश दुबे को नीचे गिराकर पीटना शुरू कर दिया, जिससे वे खून से लथपथ हो गए. जब आरती पांडे बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो टोलकर्मियों ने उनके बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और उनके साथ भी मारपीट की. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वकील जिला अस्पताल और कोतवाली पहुंच गए.
वकीलों का आरोप है कि टोल प्लाजा पर गुंडों को पाल रखा गया है जो आए दिन राहगीरों के साथ मारपीट करते हैं. रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने आरती पांडे की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अधिवक्ताओं ने मांग की है कि इस टोल प्लाजा को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए क्योंकि यह वन विभाग की रेंज में अवैध रूप से संचालित हो रहा है और यहां केवल अवैध वसूली की जा रही है.
ADVERTISEMENT









