Muzaffarnagar Molestation Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. खतौली कस्बे में 15 सितंबर की सुबह हुई इस घटना में एक अज्ञात व्यक्ति महिला का पीछा करते हुए उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है. पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं.
ADVERTISEMENT
मॉर्निंग वॉक से लौटते समय महिला से छेड़छाड़
बताया जा रहा है कि 15 सितंबर की सुबह खतौली कोतवाली क्षेत्र में एक महिला मॉर्निंग वॉक से अपने घर वापस लौट रही थी. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका पीछा करते हुए अचानक उसके पास पहुंचा और कथित तौर पर महिला की कोली भरकर (गले लगाना या बाहों में भरना) छेड़छाड़ की. महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला. घटना के दौरान पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी हरकत कैद हो गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. जानकारी के मुताबिक एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने स्थानीय पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. अब आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं. पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान के प्रयास में जुटी है.
सीओ खतौली रूपाली राव ने क्या बताया?
इस मामले में सीओ खतौली रूपाली राव ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने कहा 'आज सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रही थी. जिसका संज्ञान पुलिस द्वारा लिया गया. उस वीडियो में एक व्यक्ति एक महिला के साथ छेड़खानी करता दिखाई दे रहा था. इस सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और टीमें लगा दी गई हैं. पहचान हेतु प्रयास किए जा रहे हैं. शीघ्र ही पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.'
पुलिस के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है. फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमों की कार्रवाई चल रही है. इस घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज है. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











