'कमाल अख्तर से कोई लड़ाई नहीं...', सपा सांसद रुचि वीरा ने विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बताया 2027 का ये प्लान

यूपी तक

• 11:48 AM • 03 Jul 2026

Ruchi Veera Statement: समाजवादी पार्टी सांसद रुचि वीरा ने विधायक कमाल अख्तर से विवाद और उनके मुख्य सचेतक पद से इस्तीफे पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि उनके बीच कोई निजी मनभेद नहीं है और पार्टी का लक्ष्य 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है.

Google CTA

Ruchi Veera Statement: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने विधायक कमाल अख्तर के साथ चल रहे विवाद और उनके मुख्य सचेतक पद से इस्तीफे पर बड़ा बयान दिया है. 'यूपी तक' से खास बातचीत में रुचि वीरा ने साफ किया कि यह मामला बहुत पुराना हो चुका है और इसका कमाल अख्तर को पद से हटाए जाने से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आपसी लड़ाई नहीं, बल्कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी को हराकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है. 

यह भी देखें...

कमाल अख्तर से कोई लड़ाई नहीं

सांसद रुचि वीरा ने कमाल अख्तर के साथ किसी भी तरह की निजी लड़ाई से साफ इनकार किया है. उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में उनकी कोई जमीन, जायदाद या कारोबार नहीं है, इसलिए किसी से झगड़ा करने का कोई मतलब ही नहीं है. रुचि वीरा के मुताबिक, जब एक घर में चार लोग रहते हैं तो किसी बात को लेकर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उनके बीच कोई मनभेद नहीं है. उन्होंने कमाल अख्तर को पद से हटाए जाने पर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी किसे क्या जिम्मेदारी देते हैं और किसे कहां लगाते हैं, यह वे बेहतर जानते हैं. हो सकता है कि पार्टी नेतृत्व ने कमाल अख्तर को कोई दूसरी बड़ी जिम्मेदारी देने का मन बनाया हो.

सभी समाजों को जोड़ना है पीडीए

पूर्व में हुए पीडीए सम्मेलन में न बुलाए जाने की शिकायत पर रुचि वीरा ने कहा कि लगभग साढ़े छह लाख लोगों ने उन्हें चुनकर सांसद बनाया है. ऐसे में अगर पार्टी को कहीं कोई नुकसान होता है, तो मुखिया को अवगत कराना उनका दायित्व है ताकि समय पर सुधार किया जा सके. उन्होंने कहा कि उनके लिए पीडीए का मतलब सिर्फ एक वर्ग नहीं, बल्कि सर्व समाज को जोड़ना है. इसमें हिंदू, मुस्लिम, दलित, सिख, ईसाई, महिलाएं, किसान और छात्र सभी शामिल हैं. वे दिन-रात जनता के सुख-दुख में रहकर पार्टी को मजबूत करने का काम कर रही हैं. उन्होंने राजनीति का मंत्र देते हुए कहा कि अपनी मेहनत से अपनी लाइन लंबी करनी चाहिए, जिससे दूसरे की लाइन खुद-ब-खुद छोटी हो जाती है.

भाजपा को हराना है मुख्य लक्ष्य

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रुचि वीरा ने कहा कि मुरादाबाद जनपद की सभी छह सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी. चुनाव में टिकट मांगने का अधिकार हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता को है, लेकिन अंतिम फैसला अखिलेश यादव ही करेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पार्टी में नए लोगों को जोड़ने का संकल्प लें. इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल के चुनाव का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बंगाल में प्रशासन के दम पर चुनाव नहीं बल्कि लूट और डकैती हुई थी. भाजपा से लड़ना आसान नहीं है, लेकिन अगर सभी एकजुट होकर मेहनत करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी.