Moradabad News: कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम इमरतपुर फखरुद्दीन में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. परिजनों की पिटाई से बचने के लिए एक छात्रा पड़ोसी के घर जा घुसी. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई. पुलिस ने महिला की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
क्या है मामला
इमरतपुर फखरुद्दीन निवासी तहसीन जहां पत्नी मतीन ने कुंदरकी थाने में तहरीर दी है. उन्होंने बताया कि पड़ोसी हाजी भूरे अपने परिवार के साथ अपनी बेटी को गाली-गलौज कर मारपीट कर रहे थे। जान बचाने के लिए छात्रा दौड़कर उनके घर में घुस गई.
कुछ देर बाद हाजी भूरे, इमरान, रियाज और मुस्तालिब तहसीन जहां के घर में घुस आए और वहां मौजूद परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान छात्रा के भाई रियाज ने तमंचे से मतीन पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली मतीन को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए. आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना के बाद गांव में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. ग्रामीणों के अनुसार पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह ने बताया कि तहसीन जहां की तहरीर के आधार पर हाजी भूरे, इमरान, रियाज और मुस्तालिब के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT











