Moradabad News: उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र स्थित लाइन पार इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता पर अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची को छोड़कर दूसरे युवक के साथ फरार होने का आरोप लगा है. पीड़ित पति ने पत्नी के साथ-साथ उसके परिजनों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित आकाश कश्यप का आरोप है कि उसकी पत्नी दीपा पिछले काफी समय से देवेंद्र सैनी नामक युवक के संपर्क में थी. आकाश का कहना है कि उसकी पत्नी घर से करीब 40 से 45 हजार रुपये की नकदी और जेवरात लेकर अचानक गायब हो गई.
पीड़ित के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम में दीपा की बड़ी बहन किरण, मौसेरी बहन शीतल और नेहा ने उसकी पत्नी का पूरा साथ दिया और उसे लगातार भड़काया. आकाश का दावा है कि करीब छह महीने पहले उसकी पत्नी अपनी मौसी के यहां चांदपुर गई थी. वहीं पर उसकी मौसेरी बहन शीतल ने दीपा की मुलाकात अपने रिश्तेदारी के युवक देवेंद्र सैनी से कराई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. इसके बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ती चली गईं.
पीड़ित का यह भी आरोप है कि दीपा की बड़ी बहन किरण पहले से ही अपने पति से अलग रह रही है और वह लगातार उसकी पत्नी को भी घर छोड़ने के लिए उकसाती थी, जिसके कारण उनके परिवार में आए दिन विवाद होते रहते थे.
पीड़ित के अनुसार, घटना वाले दिन दीपा अपनी डेढ़ साल की बच्ची को नीचे किराए पर रहने वाली कमलेश के पास यह कहकर छोड़ गई कि वह आधार कार्ड ठीक कराने जा रही है. लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों को पता चला कि वह घर से फरार हो चुकी है.
पीड़ित आकाश कश्यप का कहना है कि उसने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई. अब उसने डीआईजी महोदय को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है. हालांकि पीड़ित का कहना है कि वह अब अपनी पत्नी को अपने साथ नहीं रखना चाहता, लेकिन जो नगदी और जेवरात घर से ले जाए गए हैं, उन्हें वापस दिलाया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए.
फिलहाल अब देखना होगा कि पुलिस अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं.
ADVERTISEMENT










