मेरठ में पिता बना हैवान, सौतेली मां के संग मिलकर नाबालिग बेटी साथ किया ये कांड

Meerut Murder Case: मेरठ के भावनपुर क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता और उसकी सौतेली मां पर 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की हत्या का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव का गुपचुप अंतिम संस्कार कर दिया गया.

यूपी तक

• 05:11 PM • 28 May 2026

follow google news

Meerut Murder Case: मेरठ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक सगे पिता और उसकी दूसरी पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर 12वीं कक्षा में पढ़ रही अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए शव का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

यह भी पढ़ें...

गोकुलधाम सोसाइटी में हुआ दर्दनाक घटनाक्रम

यह मामला भावनपुर क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी का है. यहां रहने वाले कपिल की शादी वर्ष 2009 में प्रीति से हुई थी. इस विवाह से एक बेटी और एक बेटा हुआ. लेकिन वर्ष 2017 में प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इसके लगभग 6 महीने बाद कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली. इसके बाद से ही घर का माहौल लगातार बिगड़ता चला गया और आरोप है कि बेटी को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था.

पिता और सौतेली मां ने मिलकर की हत्या

आरोप है कि सोमवार की रात पिता कपिल और उसकी दूसरी पत्नी पिंकी ने मिलकर 17 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी. इसके बाद मंगलवार सुबह बिना किसी को जानकारी दिए शव को गढ़मुक्तेश्वर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया. परिजनों का आरोप है कि घटना को छुपाने की पूरी कोशिश की गई ताकि कोई सबूत न बचे.

मामा को फोन पर मिली जानकारी

मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को मंगलवार दोपहर फोन पर उसकी मौत की जानकारी मिली. लेकिन जब तक परिवार मेरठ पहुंचता, तब तक अंतिम संस्कार कर दिया गया था. इस घटना से परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया.

दर्दनाक ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोला राज

परिजनों ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है, जिसमें मृतका रोते हुए अपनी मौसी से कहती है कि उसे वहां से ले जाया जाए, वरना उसे मार दिया जाएगा. परिजनों का कहना है कि लड़की पिछले कई वर्षों से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी.

पुलिस जांच और शुरुआती खुलासा

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार 26 मई की रात थाना भावनपुर में भूपेंद्र शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में सामने आया कि लड़की की मौत के बाद शव का अंतिम संस्कार पहले ही कर दिया गया था. पूछताछ के दौरान पिता कपिल और सौतेली मां पिंकी ने कथित रूप से अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में

पुलिस ने कपिल और पिंकी दोनों को हिरासत में ले लिया है और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य परिजनों से भी पूछताछ जारी है.

समाज पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने समाज में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह भी है कि जब एक बच्ची लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी तो आसपास के लोग क्यों चुप रहे. साथ ही यह भी कि एक पिता अपनी ही बेटी के खिलाफ इतना क्रूर कैसे हो सकता है.

यह भी पढ़ें: यूपी में आबकारी सिपाही के 722 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 12वीं पास भी कर पाएंगे अप्लाई