मेरठ में दलित लड़की की बरामदगी के बाद उसके भाई ने रोते हुए कहा- मां तो चली गई, बहन तू...

उस्मान चौधरी

11 Jan 2026 (अपडेटेड: 11 Jan 2026, 09:24 AM)

UP News: मेरठ सरधना हत्याकांड में पीड़िता के भाई ने रोते हुए प्रशासन से लगाई गुहार, कहा- 'मेरी बहन पर दबाव न बनाया जाए.'पीड़िता के भाई ने अपनी बहन के लिए भावुक संदेश जारी किया है.

UP Tak
Google CTA

UP News: मेरठ में सरधना के कपसाड़ में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड और अपहरण मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. जहां एक तरफ पुलिस ने आरोपी पारस सोम को गिरफ्तार और युवती को बरामद कर लिया है, वहीं दूसरी तरफ लड़की के भाई का एक इमोशनल  वीडियो सामने आया है. मां को खो चुका भाई अपनी बहन की सुरक्षा और उस पर संभावित दबाव को लेकर बुरी तरह टूट चुका है और रोते हुए इंसाफ की गुहार लगा रहा है. भाई का कहना है कि उसे वीडियो के जरिए बहन के मिलने की खबर तो मिली है, लेकिन वह उसकी मानसिक स्थिति और उस पर बनाए जा रहे दबाव को लेकर बेहद चिंतित है. 

यह भी पढ़ें...

'कोई मेरी बहन पर दबाव न डाले'

रोते हुए भाई ने अपील की है कि उसकी बहन पर किसी भी तरह का जोर-जबाव न बनाया जाए. उसने कहा, "पता चला है कि मेरी बहन मिल गई है, लेकिन मुझे नहीं पता कि वह सही-सलामत है या नहीं. मेरी अपील है कि कोई भी उसे गलत बयान देने के लिए मजबूर न करे और न ही उसे डराया-धमकाया जाए."

बहन के नाम भाई ने कही ये भावुक बात

अपनी बहन को हिम्मत देते हुए भाई ने रोते हुए कहा, "बहन, अगर तू यह वीडियो देख रही है या सुन रही है तो बिल्कुल मत घबराना. हमारी मां तो चली गई, लेकिन तेरे लाखों भाई तेरे पीछे खड़े हैं. तेरी रक्षा के लिए लाखों लोग जान की बाजी लगा देंगे, बस तू डरना मत."

परिजनों को सता रहा है अनहोनी का डर!

पीड़ित भाई ने आशंका जताई है कि अपहरण के दौरान उसकी बहन को प्रताड़ित किया गया होगा. उसने डर जताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि कुछ लोग उसे डरा रहे होंगे, मार-पीट रहे होंगे. उसे धमकाया जा रहा होगा कि घर से भाई को या दूसरों को उठा लेंगे. हमें अभी भी खतरा महसूस हो रहा है."

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

पुलिस द्वारा 48 घंटे में बरामदगी के दावे पर भाई ने कहा कि 60 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं. उसने यह भी कहा कि अभी तक बहन को उनके सामने पेश नहीं किया गया है, इसलिए उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि वह वास्तव में कैसी है. भाई ने मांग की है कि पूरी कानूनी प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी के दबाव में मामले को दबाया नहीं जाना चाहिए.

एसएसपी ने क्या बताया?

एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि मेरठ और सहारनपुर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आरोपी पारस सोम को गिरफ्तार किया और अपहृत युवती को बरामद किया. उन्होंने बताया कि पुलिस पिछले कई दिनों से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलेंस, मैनुअल मुखबिरी और परिजनों से पूछताछ के जरिए आरोपी का पीछा कर रही थी. आखिर में सटीक सुराग मिलने पर पुलिस ने सफलता प्राप्त की. 

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद संवेदनशील है. उन्होंने कहा, "मैं स्वयं और जिलाधिकारी महोदय पीड़ित परिवार से मिलने गए थे. परिवार को हर संभव सरकारी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है. हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गांव का माहौल खराब न हो."

माहौल खराब करने वालों को एसएसपी ने कड़ी चेतावनी

एसएसपी विपिन टाडा ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति (चाहे वह गांव का हो या बाहर का) को शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. अगर कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने या गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस कठोरतम कानूनी कार्रवाई करेगी.

अब आगे की पुलिस क्या करेगी

युवती के नाबालिग होने और मामले की अन्य बारीकियों पर एसएसपी ने कहा कि अभी बरामदगी हुई है अब नियमानुसार युवती के बयान दर्ज कराए जाएंगे. विधिक कार्रवाई और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: मेरठ में जिस पारस पर लगा दलित महिला की हत्या और उनकी बेटी भगाने का आरोप, उसके पड़ोसी तो अलग ही कहानी बताने लगे