उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवती को सड़क से जबरन उठाकर होटल में ले जाने और वहां बंधक बनाकर मारपीट व दुष्कर्म करने के आरोपी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बुधवार को पुलिस ने उसे मुठभेड़ के दौरान पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी किए जाने पर सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी. जवाबी कार्रवाई और भागने की कोशिश के दौरान वह घायल हो गया. पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है.
ADVERTISEMENT
मामला मेरठ के आबूलेन इलाके का है. एक युवती बचाओ बचाओ चिल्लाते हुए भागी. फिर युवती के साथ सड़क पर मारपीट करने और उसे जबरन ले जाने का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. युवती ने सदर बाजार थाने पहुंचकर सलमान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उसका आरोप है कि सलमान ने उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट करने के साथ दुष्कर्म भी किया. युवती का आरोप है कि सलमान उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था.
नरहड़ा के पास पुलिस ने की घेराबंदी
मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास में छिपा हुआ है. इसके बाद लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी घेराबंदी की.
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा. इस दौरान उसने पास के पुल पर चढ़कर भागने का प्रयास किया.
'गलती हो गई... गलती हो गई'
पुलिस के मुताबिक, पुल पर फिसलकर गिरने से उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई. इसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया. गिरफ्तारी के बाद सलमान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए पुलिस से कहता सुनाई दे रहा है- 'गलती हो गई... गलती हो गई.'
युवती की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, युवती की शिकायत पर सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. मामले में दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. एसएसपी ने बताया कि युवती ने पूछताछ के दौरान अपने साथ दुष्कर्म किए जाने की बात भी कही थी. उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगाई थीं.
होटल को सील करने की कार्रवाई
एसएसपी ने बताया कि युवती की शिकायत में होटल के अंदर बंधक बनाए जाने की बात भी सामने आई है, इसलिए पुलिस ने सबूतों से छेड़छाड़ रोकने के लिए होटल को पहले अस्थायी रूप से सील कर अपनी निगरानी में ले लिया था. अब जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) और संबंधित विभागों को पत्र भेजकर होटल को स्थायी रूप से सील करने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
पुलिस ने आरोपी के कुछ परिजनों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. होटल में युवती को किस तरह रखा गया, वहां उसकी एंट्री किस आधार पर हुई और होटल कर्मचारियों की क्या भूमिका रही, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों की लापरवाही की भी होगी जांच
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि उन्होंने एसपी सिटी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. जांच में यह भी देखा जाएगा कि संबंधित थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और सीओ स्तर पर किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई.
अगर किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. एसएसपी ने साफ किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.
क्या है पूरा मामला?
घटना मंगलवार, 24 नवंबर को मेरठ के आबूलेन इलाके में हुई थी. सामने आई जानकारी के मुताबिक, युवती गाजियाबाद की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया था कि सोमवार को सलमान उसे आबूलेन स्थित होटल ले गया था. वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया.
मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह होटल से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंची और मदद के लिए चिल्लाने लगी. इसी दौरान सलमान ने उसे पकड़ लिया और बाल पकड़कर घसीटते हुए वापस ले जाने की कोशिश की. आसपास के लोगों ने देखकर विरोध किया. घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवती को थाने पहुंचाया और उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया.
ADVERTISEMENT











