महिलाओं को 40000 रुपये और 300 यूनिट बिजली फ्री, सपा के मेनिफेस्टो में हो सकते हैं ये 7 वादे

समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करने जा रही है. इस बार पार्टी का चुनावी दस्तावेज तीन हिस्सों में होगा. प्रदेश के साथ सभी 75 जिलों और लखनऊ के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किए गए हैं.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है. पार्टी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर अपना मेनिफेस्टो पेश करेगी. सपा सिर्फ पूरे प्रदेश के लिए एक घोषणापत्र जारी नहीं करेगी, बल्कि सभी 75 जिलों और राजधानी लखनऊ के लिए भी अलग-अलग घोषणापत्र तैयार किए गए हैं.

यह भी पढ़ें...

सपा ने अपने चुनावी दस्तावेज को 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया है. इसमें पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ आम लोगों से जुड़े मुद्दों को जगह दी जाएगी. महिलाओं, युवाओं, रोजगार, शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य जैसी जरूरतों पर भी पार्टी अपने वादे सामने रख सकती है.

पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, घोषणापत्र लॉन्च का कार्यक्रम 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे लखनऊ के सेंटरम होटल में होगा. इस कार्यक्रम में सपा के संस्थापक सदस्य आजम खान भी मौजूद रहेंगे.

तीन हिस्सों में जारी होगा सपा का घोषणापत्र

समाजवादी पार्टी ने इस बार अपने घोषणापत्र को तीन अलग-अलग श्रेणियों में तैयार किया है. इसका मकसद प्रदेश के साथ-साथ स्थानीय स्तर की समस्याओं और जरूरतों को भी चुनावी वादों में शामिल करना है.

1. प्रदेश स्तर का घोषणापत्र: इसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी का विजन और सरकार बनने पर किए जाने वाले प्रमुख वादे शामिल होंगे. प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी अपना रुख रखेगी.

2. जिला स्तर का घोषणापत्र: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र जारी किए जाएंगे. इनमें संबंधित जिले की स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और वहां के लोगों से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा.

3. लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र: राजधानी के लिए अलग से चुनावी दस्तावेज तैयार किया गया है. इसमें शहर के ट्रैफिक जाम, सड़क और फ्लाईओवर, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा.

लखनऊ के लोगों के लिए क्या वादे हो सकते हैं?

राजधानी लखनऊ के लिए तैयार किए गए घोषणापत्र में ट्रैफिक जाम से राहत देने का वादा शामिल हो सकता है. इसके लिए नए फ्लाईओवर और ब्रिज बनाने की बात कही गई है. शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े वादे भी किए जा सकते हैं.

लखनऊ के छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा का प्रस्ताव भी संभावित वादों में शामिल है. इससे राजधानी में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को सार्वजनिक परिवहन पर होने वाले खर्च में राहत मिल सकती है. हालांकि, इन प्रस्तावों की पूरी जानकारी घोषणापत्र जारी होने के बाद ही सामने आएगी.

महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए क्या हो सकते हैं वादे?

  1. महिलाओं के लिए हर साल 40,000 रुपये पेंशन देने का वादा किया जा सकता है.
  2. अपना काम शुरू करने के इच्छुक लोगों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव है.
  3. घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा शामिल हो सकता है.
  4. गरीब परिवारों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही जा सकती है.
  5. लखनऊ में पढ़ने वाले छात्र और छात्राओं को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव है.
  6. रोजगार के मुद्दे पर युवाओं को ध्यान में रखकर योजनाएं घोषित की जा सकती हैं. 
  7. पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने का वादा भी संभावित घोषणाओं में शामिल है.

संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने के पीछे क्या है वजह?

समाजवादी पार्टी ने 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी करने के लिए चुना है. इसी दिन देश में संविधान दिवस मनाया जाता है. 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था. 26 जनवरी 1950 से यह लागू हुआ.