Mathura News: मथुरा के थाना जैंत इलाके में कानून के रखवाले ही भक्षक बनते नजर आए. आरोप है कि अजई चौकी प्रभारी मनोज कुमार भाटी ने बीएसएफ के जवान राधा चरण के साथ बेरहमी से मारपीट की. चौंकाने वाली बात यह है कि जवान ने जब अपना परिचय दिया तो दरोगा का गुस्सा शांत होने के बजाय और बढ़ गया. महज 14 सेकंड के भीतर फौजी के चेहरे पर आधा दर्जन मुक्के जड़ दिए गए.
ADVERTISEMENT
फौजी दोस्त से मिलने पहुंचा था जवान
पीड़ित राधा चरण बीएसएफ में तैनात हैं और बीकानेर से छुट्टी पर अपने घर मथुरा आए थे. वह अपने एक अन्य फौजी दोस्त महेश से मिलने उनके घर आजई खुर्द पहुंचे थे. तभी चौकी प्रभारी मनोज कुमार भाटी पुलिस बल के साथ वहां धमक पड़े. बताया जा रहा है कि पुलिस फौजी राधा चरण के भाई के खिलाफ किसी पुराने मामले में दबिश देने आई थी. वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा किस कदर आपा खो बैठे. घर के अंदर घुसकर उन्होंने बिना किसी उकसावे के फौजी राधा चरण पर हमला कर दिया. महज 14 सेकंड के अंदर उन्होंने जवान के चेहरे पर करीब 6 मुक्के मारे. फौजी का आरोप है कि उन्हें घर से बाहर खींचकर भी पीटा गया और आर्मी का जवान बताने पर दरोगा और ज्यादा हिंसक हो गए.
"तू कौन होता है पूछने वाला?"
पीड़ित फौजी और उनके दोस्त महेश ने बताया कि जब उन्होंने दरोगा के अभद्र व्यवहार का विरोध किया तो दरोगा ने आपा खो दिया। महेश के हाथ में छोटा बच्चा था जिसे उसकी मां को देने तक का समय नहीं दिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई. फौजी राधा चरण का कहना है कि वे सिर्फ अपने दोस्त से मिलने आए थे.लेकिन पुलिस ने उनके साथ अपराधी जैसा सलूक किया.
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद मथुरा के एसएसपी (SSP) ने तुरंत संज्ञान लिया है. मामले की जांच सीओ सदर प्रीतम पाल सिंह को सौंपी गई है. एसएसपी का दावा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, पुलिस का यह भी पक्ष है कि फौजी ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता की थी जिसके बाद झड़प हुई.
ADVERTISEMENT









