Vrindavan Development News: श्री बांकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन में पावन परिक्रमा मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग पर वाहनों, ई-रिक्शा और पैदल परिक्रमार्थियों के लिए अलग-अलग रास्ते विकसित किए जाएंगे. मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने अवस्थापना विकास योजना को स्वीकृति दे दी है.
ADVERTISEMENT
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन का परिक्रमा मार्ग केवल सड़क नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पवित्र मार्ग है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन के साथ परिक्रमा करते हैं. वाहनों, ई-रिक्शा और पैदल श्रद्धालुओं के एक साथ चलने से कई स्थानों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है. नई योजना का उद्देश्य परिक्रमार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है.
रमणरेती से निधिवन तक 3.30 किमी मार्ग का होगा विकास
योजना के प्रथम चरण में रमणरेती से निधिवन तक करीब 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा. इस पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना के तहत ई-रिक्शा, अन्य वाहनों और पैदल परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे.
इसके साथ ही फुटपाथ और सुविधा जोन विकसित किए जाएंगे. आरसीसी कवर ड्रेन के निर्माण के साथ बिजली, संचार और अन्य यूटिलिटी सेवाओं को भूमिगत करने की योजना है. इससे मार्ग को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही भी आसान होगी.
अटल्ला चुंगी पर 80 करोड़ से बनेगा फ्लाईओवर
योजना के दूसरे चरण में अटल्ला चुंगी चौराहे पर करीब 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
अटल्ला चुंगी वृंदावन परिक्रमा मार्ग का प्रमुख चौराहा है, जहां लगातार यातायात का दबाव बना रहता है. फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों का आवागमन सुचारु होने और परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को कम व्यवधान का सामना करने की उम्मीद है.
मथुरा में जन्मभूमि तक दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी
एमवीडीए ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में मथुरा के लिए भी अवस्थापना विकास से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इनमें मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गेट संख्या-03 तक करीब 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है. इस परियोजना पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं.
इसके अलावा मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक करीब 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग का विकास किया जाएगा. इसके साथ पार्किंग, बाउंड्री वॉल और जनसुविधाओं का भी विकास होगा. इस परियोजना पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
ADVERTISEMENT











