Mathura Crime News: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांट थाना पुलिस ने जमीनी विवाद के दौरान तमंचा लहराकर दूसरे पक्ष को धमकाने के आरोप में 70 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 को मांट थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मिलक (खंड डागोली) में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया था. कहासुनी के दौरान गांव निवासी कुन्दन (70) पुत्र मंगीलाल पर आरोप है कि उसने दीवार के ऊपर से तमंचा लहराते हुए दूसरे पक्ष को डराया और धमकाया. घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें आरोपी कथित तौर पर हथियार लहराता दिखाई दे रहा है.
वीडियो सामने आने और मुखबिर से सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की. टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल मलिखान सिंह और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे. पुलिस ने शाम करीब 7:20 बजे आरोपी कुन्दन को नगला मिलक से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 176/2026, धारा 3/25 दर्ज किया है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरेन्द्र कुमार कर रहे हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ मांट थाने में वर्ष 2020 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट, वर्ष 2014 में चोरी व षड्यंत्र तथा वर्ष 2012 में मारपीट और धमकी देने के मामले दर्ज बताए गए हैं.
पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दे दी है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है.
ADVERTISEMENT











