Mathura News: तेल डालकर 25 लाख उड़ाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का टप्पेबाज गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

Newzo

• 04:01 PM • 28 Jul 2026

Mathura Crime News: मथुरा पुलिस ने 25 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल टप्पेबाजी का एक सप्ताह में खुलासा कर दिया. दिल्ली के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक बरामद की गई है. पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है.

तेल डालकर 25 लाख उड़ाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का टप्पेबाज गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

तेल डालकर 25 लाख उड़ाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का टप्पेबाज गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

Google CTA

 Mathura News: थाना हाईवे क्षेत्र में 20 जुलाई को हुई 25 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल टप्पेबाजी का मथुरा पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सफल खुलासा कर दिया.  पुलिस ने दिल्ली निवासी एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चंद्रिका प्लाईवुड फर्म के चोरी हुए पूरे 25 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए.  साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी जिक्सर-250 स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त कर ली गई है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की शाम करीब छह बजे चंद्रिका प्लाईवुड फर्म का कर्मचारी कार (UP 85 BY 0740) से 25 लाख रुपये लेकर गोवर्धन चौराहे से गोविंद नगर की ओर जा रहा था. रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने बेहद शातिराना अंदाज में कार के बोनट के नीचे तेल डाल दिया. कुछ दूरी पर सिम्स हॉस्पिटल के पास पहुंचने पर बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर चालक को गाड़ी से तेल रिसने का इशारा किया.

चालक जैसे ही गाड़ी रोककर बोनट खोलने लगा, कार में बैठे अन्य लोग भी बाहर आ गए. इसी दौरान पीछे से आए बदमाश कार में रखा 25 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए.  घटना के बाद थाना हाईवे में मुकदमा संख्या 711/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 27 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी अक्षय पुत्र मारमुतु, निवासी मदनगिरी, सी-ब्लॉक, थाना अंबेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया.  पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की पूरी साजिश का खुलासा किया.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 25 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त सुजुकी जिक्सर-250 मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.

इतनी बड़ी रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने मथुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी है.