Mathura News: हाईवे पर तेज रफ्तार कार बनी हादसे की वजह, पेप्सिको कर्मचारियों समेत 7 घायल, तीन की हालत गंभीर

Newzo

• 05:34 PM • 27 Jul 2026

Mathura Highway Accident: मथुरा के कोसीकलां हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों और सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में पेप्सिको कर्मचारियों समेत सात लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है. पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है.

 हाईवे पर तेज रफ्तार कार बनी हादसे की वजह, पेप्सिको कर्मचारियों समेत 7 घायल, तीन की हालत गंभीर

हाईवे पर तेज रफ्तार कार बनी हादसे की वजह, पेप्सिको कर्मचारियों समेत 7 घायल, तीन की हालत गंभीर

Google CTA

Mathura News: कोसीकलां स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईपास तिराहे के पास सोमवार को तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में पेप्सिको कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे कर्मचारियों समेत सात लोग घायल हो गए.  इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर चल रही दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी. इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार एक टेंपो से जा टकराई. टक्कर के बाद कार आगे बढ़ते हुए पेप्सिको कंपनी की बस से उतर रहे कर्मचारियों को भी अपनी चपेट में ले गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है.

घायलों में आशीष, जितेंद्र दुबे, रानू, दीपक राज और ऋषभ राणा शामिल हैं. अन्य घायलों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.

प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना सामने आया है. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया.