Mathura Murder Case: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां थाना बलदेव क्षेत्र के छौली गांव में एक मां पर अपने ही तीन साल के बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है. आरोप है कि 32 साल की रुचि जिंदल प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी, तभी उसका बेटा माधव रोने लगा और बातचीत में बाधा बनने लगा. इसी बात से नाराज होकर महिला ने कथित तौर पर बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के करीब एक महीने बाद पति को शक हुआ और पूरे मामले का खुलासा हो गया.
ADVERTISEMENT
दफन कर दिया था बेटे का शव
जानकारी के मुताबिक रुचि जिंदल ने 28 जून को अपने तीन साल के बेटे माधव की हत्या कर दी थी. आरोप है कि घटना के समय पति कृष्ण मुरारी गुप्ता घर पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान रुचि अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी. बच्चे के लगातार रोने से नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद महिला ने परिवार को बताया कि बच्चा बीमार है और दवा के बाद भी उसकी हालत नहीं सुधरी. परिजनों के अनुसार बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार ने पोलियो ड्रॉप के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई और बीमारी मानकर बच्चे के शव को दफना दिया. उस समय किसी को भी इस घटना के पीछे किसी साजिश का अंदेशा नहीं हुआ.
पति को बातचीत सुनकर हुआ शक
घटना के करीब एक महीने बाद 27 जुलाई को मामले में नया मोड़ आया. पति कृष्ण मुरारी गुप्ता ने अपनी पत्नी को प्रेमी से बातचीत करते हुए सुन लिया. बातचीत में बच्चे की मौत से जुड़ी बातों का जिक्र होने पर पति को शक हुआ. इसके बाद उसने कॉल रिकॉर्ड की जांच कराई, जिसमें रुचि और उसके प्रेमी के बीच लंबे समय तक बातचीत होने की जानकारी सामने आई. परिजनों ने जब महिला से सख्ती से पूछताछ की तो मामले की सच्चाई सामने आई. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और महिला के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने थाना बलदेव में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं. सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया, 'शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.' पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं.
ADVERTISEMENT











