Mathura Congress Protest: कांग्रेस ने गुरुवार को छात्रों से जुड़े मुद्दों, महंगाई, भ्रष्टाचार और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर मांट तहसील पर प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर तहसील का घेराव किया और विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शनकारी राधे कृष्णा फार्म हाउस के बाहर एकत्रित हुए, जहां से जुलूस के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचे. तहसील परिसर के बाहर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था, जिसने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद प्रदर्शन सभा में बदल गया.
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. वक्ताओं ने विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
कार्यक्रम का संचालन मांट ब्लॉक अध्यक्ष हरदेव सिंह ने किया. प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, शिवदत्त चतुर्वेदी, हरिओम उपाध्याय, गंगाशरण दीक्षित, धर्मवीर सिंह, सुशील कुमार, सतीश चंद्र दुबे, जयगोपाल शर्मा, चंद्र मोहन शर्मा, प्रमोद पाठक, अजीम शाह, अमित दीक्षित, राजेश सारस्वत, आसिफ कुरैशी, डॉ. आशुतोष भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











