Mathura Water Logging News: विकास के दावों के बीच मांट क्षेत्र में एक ग्रामीण मार्ग पर जलभराव की समस्या लोगों और किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. जेएसएम स्कूल से हीराताल जाने वाले रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा होने के कारण आवागमन बाधित है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
ADVERTISEMENT
मांट मूला निवासी दिनेश कुमार और अधिवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि जलभराव के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल और तहसील दिवस समेत विभिन्न माध्यमों से कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन मौके का निरीक्षण किए बिना ही शिकायतों का निस्तारण दर्शा दिया गया. इससे ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी है.
वहीं समाजसेवी ठाकुर दास वर्मा ने कहा कि इस समस्या का समाधान प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से ही संभव है. उन्होंने सभी पक्षों से मिलकर रास्ता निकालने की अपील की.
पंचायत सचिव ने बताई दूसरी वजह
पंचायत सचिव धीरेंद्र पाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से रास्ते को ऊंचा कर जलभराव की समस्या दूर करने का प्रयास किया गया था. इसके लिए कई बार मिट्टी डलवाने की योजना बनाई गई, लेकिन रास्ते से सटे खेतों के कुछ किसानों द्वारा मिट्टी देने में सहयोग नहीं किए जाने के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका.
फिलहाल जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है और ग्रामीण जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों के सहयोग से समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.
ADVERTISEMENT











