लखनऊ के छात्र आंदोलन में पहुंचे 'योगी जी 2'... पेपर लीक करने वालों के लिए फांसी और 1 साल में भर्तियां पूरी करने की मांग

Lucknow Student Protest: लखनऊ के इको गार्डन में चल रहे छात्र आंदोलन में ‘योगी जी 2’ के नाम से चर्चित अवधेश कुमार साहनी शामिल हुए. उन्होंने पेपर लीक और लंबित भर्तियों के मुद्दे पर सरकार से कड़े कानून बनाने तथा खाली सरकारी पदों को समयबद्ध तरीके से भरने की मांग की.

यूपी तक

• 03:06 PM • 13 Jun 2026

follow google news

Lucknow Student Protest: राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और रुकी हुई भर्तियों के खिलाफ चल रहे बड़े छात्र आंदोलन में देवरिया के रहने वाले अवधेश कुमार साहनी का अनोखा रूप देखने को मिला. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वेशभूषा और उन्हीं की शैली में बोलने वाले अवधेश को सोशल मीडिया पर 'योगी जी 2' के नाम से जाना जाता है. उन्होंने आंदोलन में पहुंचकर देश के 65% युवाओं की आवाज बुलंद करते हुए शिक्षा माफियाओं के खिलाफ फांसी की सजा वाले कड़े अध्यादेश की मांग उठाई है.

यह भी पढ़ें...

शिक्षा माफिया को फांसी और 1 साल में भरे जाएं पद

देवरिया जिले के लार क्षेत्र स्थित ग्राम सभा चूरिया के निवासी अवधेश कुमार साहनी ने खुद को महाराज गुहराज निषाद का वंशज बताते हुए छात्रों के असंतोष को पूरी तरह जायज ठहराया. उन्होंने सरकार से मांग की है कि जिस तरह सांसद या विधायक का पद खाली होने पर 6 महीने के भीतर उपचुनाव करा लिया जाता है, उसी तरह युवाओं के लिए भी गारंटी दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसा अध्यादेश लाया जाए जिसमें पेपर लीक करने वालों के लिए फांसी का प्रावधान हो और कोई भी सरकारी पद खाली होने पर उसे अधिकतम 1 साल के अंदर अनिवार्य रूप से भर लिया जाए.

माफियाओं से सुरक्षा के लिए बदलते हैं गेटअप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसी वेशभूषा अपनाने के पीछे अवधेश ने मुख्य वजह अपनी सुरक्षा को बताया. उनका कहना है कि वे गरीब और शोषित लोगों की आवाज उठाते हैं, इसलिए देश में मौजूद गुंडे और माफियाओं के हमले से बचने के लिए अपने हिसाब से अपना पहनावा बदलते रहते हैं. अवधेश ने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़े हैं, बल्कि योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से सांसद रहने के समय से ही उनके लक्ष्य के प्रति दृढ़ता के बड़े प्रशंसक हैं.

सीएम योगी से मुलाकात के लिए रखी यह बड़ी शर्त

छात्रों की मांगों पर डबल इंजन सरकार से न्याय की उम्मीद जताते हुए अवधेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी संभावित मुलाकात को लेकर बड़ी शर्त भी रखी. उन्होंने कहा कि कलाकार, गायक या धावक की तरह उनके लिए भी बिना मंच के मिलने का कोई अर्थ नहीं है. अवधेश ने साफ किया कि अगर मुख्यमंत्री उन्हें कभी बुलाते हैं तो वे निश्चित रूप से जाएंगे, लेकिन उनकी शर्त यह है कि उन्हें केवल फोटो खिंचवाने के बजाय मंच प्रदान किया जाए ताकि वे वहां से युवाओं और छात्रों का दुख-दर्द सबके सामने रख सकें.