Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने आई दो छात्राओं के साथ ऑटो चालक द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ और रेप की कोशिश की गई. हालांकि, छात्राओं की हिम्मत और तत्काल पुलिस कार्रवाई के चलते आरोपी की गिरफ्तारी हो गई, जिसके बाद पुलिस एनकाउंटर में वह घायल हो गया.
ADVERTISEMENT
परीक्षा देने आई थीं छात्राएं
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी की दो सहेलियां यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने लखनऊ आई थीं. सोमवार तड़के लगभग 3:30 बजे वे चारबाग रेलवे स्टेशन से आलमबाग बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो में बैठीं. आरोप है कि ऑटो चालक हसीब ने रास्ते में बहाना बनाकर उन्हें सुनसान इलाके पारा के एक मैदान में ले गया. वहां उसने छात्राओं के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म की कोशिश की.
छात्रा की बहादुरी से आरोपी भागा
घटना के दौरान जब आरोपी ने हद पार करने की कोशिश की तभी छात्रा ने साहस दिखाते हुए आरोपी की उंगली को दांत से जोर से काट लिया. दर्द से तड़पकर आरोपी घबरा गया और इसी बीच मौके पर किसी के आने की आहट पाकर वह ऑटो छोड़कर फरार हो गया. इस घटना के बाद दोनों छात्राएं सुरक्षित बच गईं और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया ताकि उनका पेपर प्रभावित न हो. परीक्षा के बाद पीड़िताओं की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान हसीब पुत्र सत्तार, निवासी हरदोई के रूप में की.
एनकाउंटर में आरोपी घायल
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की. कुछ घंटों की तलाश के बाद आरोपी को मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास घेर लिया गया.
आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आपराधिक इतिहास की भी जांच
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हसीब पहले भी वर्ष 2024 में एक गंभीर मामले में जेल जा चुका है. पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की और जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









