लखनऊ के पॉश इलाके जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. सुबह 6 बजे आपसी विवाद के बाद एक कार चालक (शाहनवाज) ने अपनी ही परिचित युवती को कार से कुचलने और घसीटने की कोशिश की. युवती कार के आगे आकर उसे रोकने की गुहार लगाती रही. लेकिन कार सवार युवक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटा और फिर रफ्तार बढ़ाकर सड़क पर पटक कर फरार हो गया. वहां मौजूद लोग कार रोकने के लिए पत्थर मारते रहे.लेकिन बेकाबू चालक नहीं रुका.
ADVERTISEMENT
सुबह 6 बजे स्कूटी से पीछा और कार के आगे लेटी युवती
घटनास्थल पर मौजूद चाय दुकानदार आकाश कुमार (चश्मदीद) के मुताबिक, घटना सुबह ठीक 6 बजे की है. सबसे पहले एक कार आकर रुकी और तुरंत उसके पीछे स्कूटी से युवती पहुंची. ऐसा लग रहा था कि वह कार का पीछा कर रही थी.युवती ने तुरंत स्कूटी साइड में खड़ी की और दौड़कर कार के आगे आकर खड़ी हो गई तथा शीशा पीट-पीटकर गाड़ी रोकने के लिए चिल्लाने लगी.सूत्रों के मुताबिक, युवती ने शाहनवाज को किसी अन्य लड़की के साथ देख लिया था जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी.
"बुआ बचाओ, मैं तो मर गई"... चीखती रही युवती, चालक ने बढ़ा दी रफ्तार
वारदात के वक्त युवती के साथ उनकी बुआ भी मौजूद थीं. चश्मदीद के अनुसार, कार के अंदर शाहनवाज समेत दो लड़के सवार थे. कार न रुकते देख अनामिका जोर-जोर से चिल्ला रही थी "बुआ बचाओ, मुझे बुआ बचाओ... मैं तो मर गई." शीशा पीटने और आगे खड़े होने के बावजूद शाहनवाज ने गाड़ी नहीं रोकी और धीरे-धीरे (10-20 की स्पीड में) गाड़ी आगे बढ़ानी शुरू कर दी.
200-300 मीटर तक घसीटा
जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर लगे चाय के स्टॉल पर मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों ने जब यह मंजर देखा तो हड़कंप मच गया. दुकानदारों और ग्राहकों ने कार को रोकने के लिए उस पर ईंट-पत्थर और कूलर तक फेंके ताकि चालक गाड़ी रोक दे. लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की.
युवती दोनों हाथों से कार के बोनट को पकड़कर रोकने की कोशिश कर रही थी. चालक उसे लगभग 200 से 300 मीटर तक घसीटता हुआ बीच सड़क पर ले गया.आगे जाकर शाहनवाज ने अचानक कार की स्पीड बहुत तेज कर दी जिससे युवती घसीटकर सड़क पर बुरी तरह गिर पड़ी और घायल हो गई. इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया.
पीड़िता को आई गंभीर चोटें
अचानक सड़क पर गिर जाने से युवती के कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT










