Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस और मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के बीच चूहे-बिल्ली का खेल जारी है. पिछले 10 दिनों से लखनऊ पुलिस श्रद्धा दुबे की तलाश में नेपाल से लेकर वेस्टर्न यूपी तक की खाक छान चुकी है, लेकिन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पार्टी गर्ल श्रद्धा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस ने उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया है और कोर्ट से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका है. पुलिस की किरकिरी होते देख हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को हटा दिया गया है. वहीं, श्रद्धा पुलिस से बचते हुए अपने बचाव के लिए कानूनी दांवपेच चल रही है.
ADVERTISEMENT
पुलिस से आगे चल रही है श्रद्धा
शिवा शर्मा हत्याकांड में हजरतगंज पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, उनके ड्राइवर और दो अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस की करीब 10 टीमें श्रद्धा की तलाश में नेपाल के कपिलवस्तु और डांग समेत कई जिलों में गईं, लेकिन खाली हाथ लौट आई. पुलिस जहां भी पहुंचती है, श्रद्धा वहां से पहले ही फरार हो जाती है. इस लापरवाही के चलते बड़े अधिकारियों ने एक्शन लेते हुए हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को डीजीपी मुख्यालय से अटैच कर दिया है.
कानूनी दांवपेच और खुद को बेगुनाह बताने की कोशिश
फरार रहने के दौरान, श्रद्धा दुबे लगातार सोशल मीडिया और न्यूज़ एजेंसियों के जरिए वीडियो जारी करके खुद को बेगुनाह बता रही है. वह शिवा शर्मा की मौत को आत्महत्या बता रही है. जानकारी मिली है कि श्रद्धा गिरफ्तारी से बचने के लिए एंटीसिपेटरी बेल और एफआईआर के खिलाफ अरेस्ट स्टे लेने की कोशिश में जुटी है. वह हाई कोर्ट में अपने इन वीडियो का इस्तेमाल यह साबित करने के लिए कर सकती है कि वह पुलिस को बयान देना चाहती है, लेकिन उसे नाहक हत्या के केस में फंसाया जा रहा है.
मददगारों से पूछताछ, एसटीएफ भी अलर्ट
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के कई अधिकारियों, डीसीपी सेंट्रल की एसओजी और साइबर क्राइम टीम को इस केस में लगाया गया है. अब इस पूरे मामले में एसटीएफ को भी अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस ने श्रद्धा और उसकी बहन को नेपाल बॉर्डर पार कराने वाले ड्राइवर समेत करीब 5 मददगारों को पकड़ लिया है और उनकी कॉल डिटेल्स खंगालकर लगातार पूछताछ की जा रही है. लेकिन इन सबके बावजूद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं.
ADVERTISEMENT










