Kanpur Robbery Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पहले तो लोगों को हैरान कर दिया और फिर कुछ ही घंटों में पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए. सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हुई कि दिनदहाड़े बारात से लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार को बदमाशों ने घेर लिया और लाठी-डंडों के दम पर दुल्हन के सारे जेवर और दूल्हे की अंगूठी तक लूट ली. इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस भी सक्रिय हो गई. हालांकि, रात होते-होते मामला पूरी तरह पलट गया जब दूल्हा-दुल्हन ने खुद ही लूट की बात से इनकार कर दिया.
ADVERTISEMENT
बारात से लौटते समय कार का पीछा करने का आरोप
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दूल्हा-दुल्हन बारात से विदा होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने कार को कई बार ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की और आखिरकार गाड़ी को घेर लिया. इसके बाद कार के ड्राइवर को बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की गई.
दुल्हन ने लगाया था जेवर लूटने का आरोप
घटना के बाद दुल्हन ने रोते हुए बताया कि छह से आठ लोग कार के पीछे पड़ गए थे. उनका आरोप था कि बदमाशों ने गाड़ी रोककर पहले ड्राइवर के साथ मारपीट की और जब दूल्हा उसे बचाने के लिए आगे आए तो उन्हें भी घेर लिया गया. दुल्हन के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके गहने उतरवा लिए. उसने बताया कि कान, नाक और हाथ के जेवर तक उतरवा लिए गए और दूल्हे की अंगूठी भी छीन ली गई. दुल्हन ने यह भी दावा किया था कि हमलावर उनके ही गांव के रहने वाले थे और बारात में भी शामिल हुए थे.
थाने पहुंचते ही मचा हड़कंप
घटना के बाद दूल्हा-दुल्हन सीधे घर जाने के बजाय रसूलाबाद कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. जैसे ही इस घटना की खबर फैली, इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी. सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर काफी चर्चा होने लगी जिसके बाद पुलिस अधिकारियों को भी बयान जारी करना पड़ा.
कुछ ही घंटों में बदल गया पूरा बयान
हालांकि, रात होते-होते मामले ने अचानक नया मोड़ ले लिया. वही दूल्हा-दुल्हन जिन्होंने पहले लूट की घटना का आरोप लगाया था, बाद में अपने बयान से पलट गए. दुल्हन ने कहा कि बारात से लौटते समय रास्ते में उनके पति के गांव के कुछ लोगों ने गाड़ी रोक ली थी और ड्राइवर के साथ मारपीट की थी लेकिन उनके साथ किसी तरह की लूटपाट नहीं हुई.
दूल्हे ने भी अपने बयान में कहा कि जब वे 10 मार्च 2026 को कटका गांव से बारात लेकर अपने गांव तभी रास्ते में उनके ही गांव के कुछ युवक, जो बारात में भी गए थे, वापस लौटते समय गाड़ी के सामने आ गए. इस दौरान केवल ड्राइवर के साथ मारपीट हुई जबकि किसी तरह की लूटपाट या छीना-झपटी नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि किसी ने गलत सूचना दे दी थी.
सवालों के घेरे में पूरा मामला
इस घटना के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शुरुआत में दूल्हा-दुल्हन ने खुद लूट की बात कही थी तो बाद में उन्होंने अपना बयान क्यों बदल दिया. क्या यह किसी आपसी रंजिश का मामला था, जिसमें किसी को फंसाने के लिए झूठा आरोप लगाया गया था या फिर पुलिस के दबाव में आकर बयान बदला गया. फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और सच क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा. पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरकार उस दिन रास्ते में वास्तव में क्या हुआ था.
यह भी पढ़ें: BARC में 105 पदों पर निकली बड़ी भर्ती, हर महीने मोटी सैलरी पाने के लिए इस डेट के पहले करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









