कानपुर की वायरल गर्ल आस्था ने शेयर किया बुजुर्ग का वीडियो और लगा दिया ये बड़ा आरोप...क्या हुआ?

Kanpur News: कानपुर की वायरल गर्ल आस्था सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर ई-रिक्शा में बैड टच की घटना का दावा किया है. मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जबकि कानपुर पुलिस ने कहा है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

यूपी तक

• 10:47 AM • 04 Jun 2026

follow google news

Kanpur News: कानपुर की चर्चित बैंककर्मी और सोशल मीडिया पर वायरल गर्ल के नाम से पहचानी जाने वाली आस्था सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. पहले “ठाकुर हूं मैं” वाले वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में आईं आस्था अब अपने नए दावे की वजह से बहस के केंद्र में आ गई हैं. आस्था ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार दो वीडियो साझा किए हैं, जिनमें उन्होंने ई-रिक्शा में सफर के दौरान अपने साथ कथित बैड टच की घटना होने का आरोप लगाया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, वहीं कानपुर पुलिस ने भी मामले पर प्रतिक्रिया दी है.

यह भी पढ़ें...

गाजियाबाद घटना पर प्रतिक्रिया के बाद सुनाई अपनी आपबीती

दरअसल, 31 मई को आस्था सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह गाजियाबाद के सूर्य चौहान हत्याकांड और आरोपी असद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देती नजर आईं. वीडियो में उन्होंने जय श्रीराम बोलते हुए हाल ही में सामने आए मामले पर अपनी राय रखी. इस दौरान उन्होंने धार्मिक जनसंख्या और सांप्रदायिक संबंधों को लेकर भी विवादित टिप्पणियां कीं. वीडियो में उन्होंने दावा किया कि “कोई भी मुसलमान किसी हिंदू का दोस्त नहीं हो सकता”, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.

इसी वीडियो में आस्था ने कहा कि वह हाल ही में अपने साथ हुई एक घटना के बारे में भी बताना चाहती हैं, हालांकि पहले वीडियो को उन्होंने “टू बी कंटिन्यूड” पर खत्म कर दिया था.

दूसरे वीडियो में ई-रिक्शा में बैड टच का दावा

इसके अगले दिन यानी 1 जून को आस्था ने दूसरा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने विस्तार से अपने साथ हुई कथित घटना का जिक्र किया. आस्था के अनुसार, कुछ दिन पहले वह अपनी बैंक ब्रांच से निकलकर मेट्रो स्टेशन जाने के लिए स्थानीय परिवहन यानी ई-रिक्शा (ऑटो) में बैठी थीं. उनके मुताबिक, ई-रिक्शा में उनके बगल में एक महिला बैठी थी, जबकि सामने एक व्यक्ति बैठा था, जिसे उन्होंने मुस्लिम बताया.

आस्था ने कहा कि वह उस समय अपनी निजी परेशानियों में उलझी हुई थीं और ज्यादा ध्यान नहीं दे रही थीं. इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि सामने बैठे व्यक्ति का पैर उनके दोनों पैरों के बीच में था और कुछ ही सेकंड बाद उन्हें यह एहसास हुआ कि उनके शरीर को अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की गई.

मैंने थप्पड़ मारा, फिर वह भाग गया

आस्था ने वीडियो में दावा किया कि कुछ ही सेकंड बाद स्थिति और असहज हो गई, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर आरोपी का विरोध किया. उनके अनुसार, उन्होंने उस व्यक्ति को थप्पड़ मारा, हाथ पर मुक्का मारा और धक्का दिया. आस्था का कहना है कि विरोध करने के बाद वह व्यक्ति वहां से निकल गया.

उन्होंने यह भी दावा किया कि जिस इलाके में यह घटना हुई, वह मुस्लिम बहुल क्षेत्र था, जिसके कारण वह खुलकर ज्यादा विरोध नहीं कर पाईं. वीडियो में आस्था ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने अपनी गलती स्वीकार करने की बजाय उल्टा उन्हें बैठने की तमीज सिखाने की बात कही.

वीडियो क्लिप भी की साझा

आस्था ने अपने वीडियो में एक छोटी वीडियो क्लिप भी जोड़ी, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि यह उसी घटना के दौरान रिकॉर्ड की गई थी. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के दावे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई, जबकि कुछ ने सवाल भी खड़े किए.

कानपुर पुलिस का जवाब

मामला चर्चा में आने के बाद कानपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में है. पुलिस के मुताबिक, अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत या प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस ने कहा कि यदि शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं आस्था सिंह

बता दें कि 6 जनवरी 2024 को आस्था सिंह पहली बार सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. उस समय एक 43 सेकंड का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कथित विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर गुस्से में चिल्लाती नजर आई थीं और कहती सुनाई दी थीं, “ठाकुर हूं मैं, मुझसे उलझना मत.” वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें जातिवाद और दबंगई को लेकर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.

हालांकि, बाद में दोनों पक्ष पुलिस थाने पहुंचे थे और शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. अब एक बार फिर आस्था सिंह अपने नए वीडियो और दावों को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गई हैं.