प्रयागराज में भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़ा हंगामा, कैंडल मार्च के बाद दो छात्र नेता हुए गिरफ्तार

Prayagraj Student Protest: प्रयागराज में 29 मई को भर्तियों में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ हुए कैंडल मार्च के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. प्रशासन की कार्रवाई के बाद दो छात्र नेताओं की गिरफ्तारी से विवाद और गहरा गया, जबकि संजय सिंह ने इस कदम पर सवाल उठाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.

यूपी तक

• 11:51 AM • 03 Jun 2026

follow google news

Prayagraj Student Protest: प्रयागराज में 29 मई को भर्तियों में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर कैंडल मार्च निकाला. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र और कोचिंग शिक्षकों ने हिस्सा लिया और यूपी पुलिस भर्ती, लेखपाल भर्ती, एसएससी जीडी और अन्य परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की. छात्रों का आरोप था कि लगातार हो रही गड़बड़ियों ने उनकी तैयारी और भविष्य दोनों को प्रभावित किया है.

यह भी पढ़ें...

प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए तीन कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच 31 मई को छात्र नेता पंकज पांडे और आशुतोष पांडे को हिरासत में ले लिया गया. ये दोनों “हुंकार मंच” से जुड़े हुए थे और छात्रों की समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं. बताया गया कि यह कार्रवाई उस समय हुई जब वे राज्यसभा सांसद संजय सिंह से मुलाकात के लिए पहुंचे थे, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई.

छात्रों का कहना है कि वे सिर्फ अपने अधिकारों और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं, जबकि प्रशासन पर आंदोलन को दबाने और आवाज उठाने वालों को निशाना बनाने के आरोप लग रहे हैं. संजय सिंह ने भी छात्र नेताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए रिहाई की मांग की है और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है. इस पूरे घटनाक्रम ने प्रयागराज में छात्र राजनीति और भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे तनाव को और बढ़ा दिया है.