झांसी के समथर थाना क्षेत्र के साकिन गांव में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां दूल्हे की खुदकुशी के बाद अब मातम पसरा है. साकिन गांव निवासी पंकज कुशवाहा की शादी 20 फरवरी को तय थी और 21 फरवरी को बारात भांडेर जानी थी. रविवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद पंकज सोने चला गया, लेकिन सुबह उसका शव अंजनी माता मंदिर के पास एक पीपल के पेड़ से लटका मिला.
ADVERTISEMENT
घटनास्थल के पास एक पत्थर मिला है, जिस पर आबिद खान नाम के एक युवक का नाम, मोबाइल नंबर और कुछ आपत्तिजनक बातें लिखी थीं. परिजनों के अनुसार, पंकज को पता चल गया था कि उसकी होने वाली पत्नी (मंगेतर) और उसके दोस्त आबिद खान के बीच नजदीकियां बढ़ गई हैं. हैरानी की बात यह है कि पंकज अक्सर उसी दोस्त के साथ अपनी मंगेतर से मिलने जाता था, लेकिन उसे इस धोखे का अंदाजा नहीं था.
पंकज की जेब से कुछ कागज भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है. परिजनों का कहना है कि उनकी सगाई एक साल पहले हुई थी और शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन लिखित शिकायत मिलने पर आगे की जांच की जाएगी. जिस घर में बैंड-बाजा बजना था, वहां अब पंकज की मां और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
ADVERTISEMENT









