झांसी में दबंगो ने पवन प्रजापति को लाठी-डंडों से पीटा, बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा

अजय झा

28 Nov 2026 (अपडेटेड: 28 Nov 2026, 08:04 PM)

Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में कुछ मनचले दबंगों ने दिनदहाड़े लाठी-डंडों से एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी. यह घटना रक्सा थाना क्षेत्र के कस्बे की है. जहां कुछ आरोपी पवन प्रजापति की दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे.

झांसी मारपीट मामला

झांसी मारपीट मामला

Google CTA

Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में कुछ मनचले दबंगों ने दिनदहाड़े लाठी-डंडों से एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी. यह घटना रक्सा थाना क्षेत्र के कस्बे की है. जहां कुछ आरोपी पवन प्रजापति की दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे. दुकान संचालक ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा. उन्होंने पवन पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से एक के बाद एक कई वार किए. इस हमले में पीड़ित व्यक्ति के हाथ और पैर में फ्रैक्चर समेत कई  गंभीर चोटें आई हैं. 

यह भी पढ़ें...

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कुछ लोग युवक को जमीन पर गिराकर मार रहे हैं और इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए आए एक बुजुर्ग को भी आरोपी धमकाते हुए दिख रहे हैं. घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रामगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास घेराबंदी करके इस हमले में शामिल चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

विरोध करने पर पवन को पीटा

शिकायतकर्ता सूरज प्रजापति के अनुसार कुछ लोग एकजुट होकर उनके भाई पवन प्रजापति की दुकान पर पहुंचे थे. आरोपियों के पास लाठी-डंडे और लोहे के सरिया भी थे. दुकान में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज की और सामान के साथ तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. पवन ने जब इसका विरोध किया तो उन पर आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर के साथ कई गंभीर चोटें आई हैं. हालांकि वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

यह भी पढे़ें: बलरामपुर में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी की मौके पर मौत, 2 बच्चे घायल

मंदिर के पास से चार गिरफ्तार

शिकायत दर्ज होने के बाद रक्सा थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कस्बा रक्सा निवासी आकाश राजपूत पुत्र हरिश्चन्द्र राजपूत, शिवा राजपूत पुत्र भगवान सिंह राजपूत, अर्जुन राजपूत पुत्र कप्तान सिंह राजपूत और विवेक राजपूत पुत्र जसवन्त सिंह राजपूत के रूप में हुई है.

यह भी पढे़ें: परिसीमन बिल को लेकर अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, बोले- यह उनकी बड़ी राजनीतिक भूल होगी

हथियार बरामद, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल की गई एक हॉकी स्टिक और दो डंडे बरामद किए हैं. सीओ सदर सिमरन सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत रक्सा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के अगले ही दिन चारों आरोपियों को पकड़ लिया है. अब सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

यह भी पढे़ें: यूपी में परिसीमन के बाद भी नहीं होगा विभाजन, अमित शाह बोले- उत्तर प्रदेश अविभाजित रहेगा