यूपी में परिसीमन के बाद भी नहीं होगा विभाजन, अमित शाह बोले- उत्तर प्रदेश अविभाजित रहेगा

दीक्षा सिंह

• 05:37 PM • 28 Nov 2026

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार के बड़े कदम से यूपी की सियासत गरमा गई है. योगी ने सभी 80 सांसदों से समर्थन मांगा तो अमित शाह ने यूपी के बंटवारे पर क्या साफ किया? जानिए सीटों के संभावित नए गणित और विपक्ष की चुनौती.

Amit Shah on Delimitation Bill

Amit Shah on Delimitation Bill

Google CTA

मोदी सरकार परिसीमन विधेयक लाकर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी कर रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले का स्वागत करते हुए यूपी के सभी 80 लोकसभा सांसदों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की है. वहीं संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जुटाने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी सरगर्मी तेज हो गई है.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने की समर्थन की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार यह फैसला 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता साफ होगा. जिससे संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण मिल सकेगा.

सीटों में 50% बढ़ोतरी और फॉर्मूला: योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिसीमन विधेयक से संसद और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता खुलेगा. इसमें 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात जैसे का तैसा रखा जाएगा ताकि किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित न हो.

15 साल की अवधि और रोटेशन: उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 साल के लिए लागू किया जाएगा और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया चुनाव आयोग के माध्यम से पूरी होगी. 

यूपी के बंटवारे पर अमित शाह का विराम

संभावित परिसीमन और सीटों में बढ़ोतरी के आकलन के बीच उत्तर प्रदेश के विभाजन को लेकर उठ रही चर्चाओं पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विराम लगा दिया है. शनिवार को सोशल मीडिया 'X' पर अमित शाह ने लिखा '132वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित होने के बाद भी उत्तर प्रदेश अविभाजित रहेगा और विधानसभा में अपनी भागीदारी बढ़ाएगा. उन्होंने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से विधेयक का स्वागत और समर्थन करने का आह्वान किया.

राजनीतिक और संवैधानिक विश्लेषकों के अनुमान के मुताबिक, प्रस्तावित प्रावधानों के तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं. विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर 605 तक पहुंच सकती हैं. वहीं विधान परिषद सीटें 100 से बढ़कर 150 होने का अनुमान है. 

इन आंकड़ों के बीच यूपी को पश्चिमी यूपी, मध्य-बुंदेलखंड और पूर्वांचल जैसे हिस्सों में बांटे जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं. अमित शाह ने कहा कि मोदी कैबिनेट ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है जिसमें अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर करीब 650 करने का प्रस्ताव है.

उनके मुताबिक इससे राज्य बिना विभाजन के अपनी विधायी हिस्सेदारी बढ़ा सकेगा. महिलाओं को बड़ी प्रतिनिधित्व भूमिका मिलेगी. स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से विकास कार्यों को गति मिलेगी.


 

संसद की बैठक और बहुमत की चुनौती

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक और राज्यसभा की कार्यवाही 2 व 3 दिसंबर को चलेगी. यह नया सत्र न होकर मॉनसून सत्र का विस्तार होगा.

चूंकि यह संविधान संशोधन से जुड़ा मामला है इसलिए इसे पास कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई समर्थन जरूरी होगा. अप्रैल 2026 में ऐसा ही विधेयक पर्याप्त बहुमत के अभाव में अटक गया था.

सदन में आंकड़ों की स्थिति

लोकसभा में प्रभावी सदस्यों की संख्या के आधार पर पास कराने के लिए लगभग 360 वोटों की जरूरत बताई जा रही है. जबकि एनडीए के पास करीब 319-321 सांसद होने का अनुमान है. यानी सरकार को लगभग 39-41 अतिरिक्त वोटों की दरकार है. राज्यसभा में 243 संभावित वोटों के हिसाब से दो-तिहाई के लिए 162 वोट चाहिए. जबकि एनडीए के पास 151 सांसद बताए जा रहे हैं. यानी करीब 11 अतिरिक्त वोटों की जरूरत) के आंकड़े जुटाने की चुनौती है. 

विपक्षी पार्टियों का रुख और बदलता सियासी गणित

राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे जैसे विपक्षी नेता बिल का विरोध कर रहे हैं. सरकार की राह रोकने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों के लीडर्स की बैठक बुलाई है जिसमें विपक्षी सहयोगियों के साथ-साथ डीएमके, आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और शरद पवार गुट (एनसीपी-एसपी) को भी न्योता दिया गया है ताकि साझा रणनीति बनाई जा सके.

विपक्ष की संख्या में सेंधमारी

अप्रैल 2026 के बाद संसद का गणित बदला है.टीएमसी के 20 सांसदों के बागी होने, शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने और आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में जाने से विपक्ष की ताकत कमजोर हुई है.

क्षेत्रीय दलों के बदलते संकेत

कांग्रेस की चिंता इस बात से बढ़ी है कि कुछ क्षेत्रीय दलों का रुख एक जैसा नहीं दिख रहा. डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने निष्पक्ष परिसीमन की मांगों के शामिल होने की बात कहते हुए समर्थन का ऐलान किया है. उनका कहना है कि अप्रैल 2026 में डीएमके ने परिसीमन को लेकर जो दो प्रमुख मांगें रखी थीं. दोनों ही मांगों को विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है और उन्होंने इसे दक्षिण भारतीय राज्यों के संघर्ष की जीत बताया.

इसके अलावा शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि यदि बिल में कुछ गलत नहीं है और सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50% इजाफा होता है तो समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है. बीजेडी भी अक्सर मुद्दों के आधार पर रुख तय करती रही है. ऐसे में इन क्षेत्रीय दलों को अपने साथ बनाए रखना विपक्ष के लिए सबसे बड़ी परीक्षा बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी