उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है. दोनों दलों के नेताओं के बयान गठबंधन के भीतर चल रही नाराजगी को जाहिर कर रहे हैं. कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयानों पर सपा की ओर से पलटवार किया गया तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उन्हें कम बोलने और काम पर ज्यादा ध्यान देने की नसीहत दी.
ADVERTISEMENT
खरगे की इस सलाह पर अब इमरान मसूद ने अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बात स्वीकार की है कि वह अपनी पार्टी और उसके लोगों के लिए जोश के साथ लड़ते हैं. इमरान ने इसे अपने लिए गर्व की बात बताया. हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कांग्रेस का पक्ष भी मजबूती से रखा. उनका कहना है कि गठबंधन में किसी एक दल को अपनी ताकत का घमंड नहीं दिखाना चाहिए.
26 सीटों की सूची पर क्या बोले इमरान मसूद?
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस को बार-बार सुनाया जा रहा है कि उसकी जमानत जब्त हो जाती है और उसके पास चुनाव लड़ने के लिए कार्यकर्ता तक नहीं हैं. उन्होंने 2009 के लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी कांग्रेस के पास ऐसी ताकत नहीं थी, लेकिन चुनाव के नतीजे सबके सामने आए थे.
उन्होंने कहा, "आपने 26 की सूची दे दी, उसे आंख बंद करके स्वीकार कर लूं तो मैं बहुत अच्छा हूं. क्योंकि नतीजे मुझे पता हैं कि उसके अंदर क्या आने हैं. उस सूची के बाद नतीजे आएंगे, फिर आप कहेंगे आपका स्ट्राइक रेट बहुत खराब है. इसलिए हम अपनी क्वालिटी और क्वांटिटी, दोनों की बात करेंगे."
इमरान का कहना है कि सीटों का बंटवारा केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि किस पार्टी के पास कितनी सीटें हैं. इसमें उम्मीदवारों की क्षमता और चुनाव जीतने की संभावना को भी देखना जरूरी है. उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक हैसियत और चुनावी प्रदर्शन को ध्यान में रखकर सीटों पर बातचीत करना चाहती है.
राहुल गांधी का हाथ पकड़कर सपा 5 से 37 सीटों तक पहुंची: इमरान
इमरान मसूद ने लोकसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सीटें बढ़ने में कांग्रेस और राहुल गांधी का भी योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा ने पांच सीटें जीती थीं, जबकि 2024 में उसकी सीटों की संख्या बढ़कर 37 हो गई. बढ़त राहुल गांधी का हाथ पकड़कर मिली है.
खरगे की नसीहत पर इमरान ने क्या जवाब दिया?
इमरान मसूद से पूछा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जब उन्हें कम बोलने और काम पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी है, तो फिर वह लगातार बयान क्यों दे रहे हैं? इस पर इमरान ने कहा कि खरगे का मतलब उन्हें जमीन पर उतरकर काम करने की सलाह देना था. उन्होंने कहा कि खरगे देश के सबसे बुजुर्ग नेताओं में से हैं और उन्होंने गठबंधन के नेताओं को अहंकार छोड़ने की बात कही है.
इमरान ने सवाल किया कि आखिर अहंकार कौन दिखा रहा है? उनका कहना है कि वह तो सिर्फ गठबंधन में सम्मानजनक बातचीत की मांग कर रहे हैं. अगर दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर चर्चा चल रही है तो उसे बंद कमरे में होना चाहिए. बातचीत की बातें और सीटों की सूची सार्वजनिक करने से गठबंधन का माहौल खराब होता है.
सपा से इमरान मसूद का सीधा सवाल
इमरान ने समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर की जा रही टिप्पणियों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अगर सपा को लगता है कि कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर है और उसकी जमानत जब्त हो जाती है, तो उसे उन सीटों का हिसाब भी देना चाहिए जहां कांग्रेस के बिना सपा चुनाव लड़ चुकी है.
ADVERTISEMENT











