उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने चुनाव के लिए अपने तीन प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी ने कुंडा विधानसभा सीट से अपने अध्यक्ष और मौजूदा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को उम्मीदवार बनाया है.
ADVERTISEMENT
पार्टी की पहली सूची में प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों को शामिल किया गया है. इनमें कुंडा और बाबागंज के अलावा विश्वनाथगंज सीट भी है. कुंडा और बाबागंज से मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है, जबकि विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है.
जनसत्ता दल की पहली सूची में किसे मिला टिकट?
- 246 कुंडा विधानसभा सीट: कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (मौजूदा विधायक)
- 245 बाबागंज विधानसभा सीट: विनोद सरोज (मौजूदा विधायक)
- 247 विश्वनाथगंज विधानसभा सीट: कुलदीप पटेल (जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, प्रतापगढ़)
2018 में राजा भैया ने बनाई थी अपनी पार्टी
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन राजा भैया ने 30 नवंबर 2018 को किया था. इससे पहले वह करीब 25 साल तक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ते रहे थे. 1993 में पहली बार कुंडा से चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लगातार सात विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की.
पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी अपने प्रत्याशी उतारे थे. इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में 24 सीटों पर उम्मीदवार मैदान में उतारे. उस चुनाव में जनसत्ता दल को दो सीटों पर जीत मिली थी. राजा भैया कुंडा और विनोद सरोज बाबागंज से विधायक चुने गए थे.
2022 में विश्वनाथगंज सीट पर किसकी हुई थी जीत?
प्रतापगढ़ जिले की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में अपना दल (सोनेलाल) के जीत लाल ने जीत दर्ज की थी. अब जनसत्ता दल ने इस सीट से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है.
ADVERTISEMENT











