समाजवादी पार्टी की ओर से जारी की गई पांच उम्मीदवारों की पहली सूची में चार नाम मौजूदा विधायकों के हैं. लेकिन पांचवें नाम ने सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है. बुंदेलखंड की ललितपुर विधानसभा सीट से सपा ने ज्योति लोधी को प्रत्याशी घोषित किया है. इस सूची में वे इकलौती महिला चेहरा हैं और संगठन से जुड़ी पुरानी नेता रही हैं. खास बात यह है कि ललितपुर सीट पर कांग्रेस भी अपनी दावेदारी जता रही थी. ऐसे में इस घोषणा के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
कौन हैं ज्योति लोधी?
ज्योति सिंह लोधी का राजनीतिक सफर स्थानीय निकाय की राजनीति से शुरू हुआ और वे लंबे समय से समाजवादी पार्टी के संगठन में सक्रिय रही हैं.
संगठन और पंचायत में पकड़: साल 2005 में वे सपा महिला सभा की जिला अध्यक्ष रहीं. इसके बाद 2010 और 2015 में लगातार दो बार जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं और ललितपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहीं. 2022 में पार्टी ने उन्हें ललितपुर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया.
2017 का विधानसभा चुनाव: इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सपा ने उन्हें ललितपुर से मैदान में उतारा था. उस चुनाव में उन्हें 88,687 वोट मिले थे. हालांकि वे भाजपा प्रत्याशी राम रतन कुशवाहा से 68,255 वोटों के अंतर से चुनाव हार गई थीं.
ज्योति लोधी को टिकट देने के पीछे के सियासी समीकरण
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, ललितपुर से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाने के पीछे सपा की तीन प्रमुख रणनीतियां काम करती दिख रही हैं.
लोधी वोट बैंक में सेंधमारी: ललितपुर समेत बुंदेलखंड की कई सीटों पर लोधी समाज निर्णायक भूमिका में है. पारंपरिक रूप से इस वर्ग का झुकाव भाजपा की ओर माना जाता है. ऐसे में लोधी चेहरे पर दांव लगाकर सपा इस वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है.
PDA और महिला भागीदारी का संतुलन: पहली सूची में पश्चिमी यूपी की चार सीटों पर मुस्लिम चेहरे उतारने के बाद, ललितपुर से पिछड़े वर्ग (OBC) की महिला नेता को टिकट देकर सपा ने अपने 'PDA' फॉर्मूले और जेंडर बैलेंस का संदेश दिया है.
कार्यकर्ताओं को संदेश: संगठन के पुराने और जमीनी चेहरे को मौका देकर पार्टी नेतृत्व ने यह संकेत दिया है कि समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनाव में प्राथमिकता दी जाएगी.
ललितपुर सीट पर कांग्रेस की दावेदारी और 'गुड्डू राजा' का फैक्टर
ललितपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी को आज तक जीत नहीं मिली है. यही वजह है कि कांग्रेस इस सीट पर अपना मजबूत दावा पेश कर रही थी. कांग्रेस के पास इस सीट से संभावित उम्मीदवार के तौर पर चंद्रभान सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा का नाम चर्चा में था.
अखिलेश यादव के सहपाठी रहे हैं बुंदेला: चंद्रभान सिंह बुंदेला ललितपुर के प्रतिष्ठित बुंदेला परिवार से आते हैं और अखिलेश यादव के साथ ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई भी कर चुके हैं.
सपा-बसपा से कांग्रेस तक का सफर: उन्होंने 2009 में सपा के टिकट पर लोकसभा और 2012 में विधानसभा चुनाव लड़ा था जिसमें वे दूसरे स्थान पर रहे. 2022 में सपा से टिकट न मिलने पर वे बसपा में शामिल हुए और चुनाव लड़कर दूसरे नंबर पर रहे.जबकि सपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर खिसक गए थे.
हाल ही में झांसी में हुए कांग्रेस के 'लोक हुंकार' कार्यक्रम में चंद्रभान सिंह बुंदेला के साथ-साथ मंच पर ज्योति लोधी भी नजर आई थीं. ऐसे में अब जबकि सपा ने ललितपुर से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है. यह देखना दिलचस्प होगा कि गठबंधन के भीतर इस सीट पर क्या सहमति बनती है और चंद्रभान सिंह बुंदेला का अगला कदम क्या होता है.
ADVERTISEMENT











