बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की .वह सीएम आवास पहुंचे और योगी की मां के निधन पर शोक जताया. दोनों के बीच यह मुलाकात एक घंटे से अधिक तक चली. सियासी और धार्मिक गलियारों में जारी घमासान के बीच हुई इस मुलाकात ने प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.
ADVERTISEMENT
मुलाकात पर क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?
मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने इस मुलाकात को पूरी तरह गैर-राजनीतिक बताया. उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माता जी के गोलोक गमन पर उन्हें श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि अर्पित करने आए थे.
सीएम योगी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा 'धन्य हैं मुख्यमंत्री जी की पूजनीय माता जी, जिन्होंने ऐसा सपूत जना जो राम और राष्ट्र दोनों को साथ लेकर देश की उन्नति और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य कर रहे हैं.' हालांकि जब उनसे कथाओं और राजनीतिक आरोपों को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने यह कहकर बात टाल दी कि वे राजनीतिक बातों पर जवाब नहीं देते और केवल सनातन धर्म व हिंदुओं के लिए कार्य कर रहे हैं.
राम बनाम कृष्ण विवाद और साधु-संतों की नाराजगी
धीरेंद्र शास्त्री की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब वे चौतरफा घिरे हुए हैं. हाल ही में भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए दिए गए उनके एक बयान के बाद न सिर्फ विपक्षी दलों ने मोर्चा खोला था, बल्कि संत समाज से भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई थी.
बाबा रामदेव का तीखा हमला: योग गुरु बाबा रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना करने पर धीरेंद्र शास्त्री को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'पाखंडी' तक कह दिया था और बांके बिहारी मंदिर में माफी मांगने के बाद भी दिए गए उनके बयानों पर नाराजगी जताई थी.
अखिलेश यादव और विपक्ष का निशाना: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं ने भी इस बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री और भाजपा पर निशाना साधा था.
कुंडा की कथा से लेकर लखनऊ मुलाकात तक सियासी मायने
इस पूरे विवाद के बीच हाल ही में प्रतापगढ़ के कुंडा में विधायक राजा भैया के यहां धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा का आयोजन हुआ था जिसमें कई बड़े ठाकुर नेताओं का जमावड़ा लगा था. इसी मंच से 'राधे-राधे' के नारे और मथुरा में कार सेवा जैसे मुद्दों के जरिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की गई थी.
विपक्ष का आरोप है कि आगामी चुनावी बिसात पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए जानबूझकर ऐसे मुद्दों को हवा दी जा रही है. ऐसे में सीएम योगी से धीरेंद्र शास्त्री की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह महज एक शोक संवेदना भेंट थी या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश छिपा है.
ये भी पढ़ें: 2027 में भाजपा का सीएम चेहरा कौन होगा? केशव मौर्य के बाद योगी आदित्यनाथ ने दिया ये जवाब
ADVERTISEMENT











