इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी

सुषमा पांडेय

• 11:40 AM • 28 Nov 2026

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर घमासान तेज हो गया है. इमरान मसूद की नाराजगी के बीच 10 जनपथ की बैठक में क्या फैसला हुआ? राहुल गांधी ने सहारनपुर को ही चुनावी आगाज के लिए क्यों चुना?

Rahul and Akhilesh Yadav

Rahul and Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही रस्साकशी अब बंद कमरों से निकलकर खुले मंच पर आ गई है. सपा की ओर से सहारनपुर और बेहट सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भड़के कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के तीखे तेवरों और 26 सीटों के कथित फॉर्मूले के बीच, दिल्ली में 10 जनपथ पर कांग्रेस आलाकमान की बड़ी बैठक ने सियासी पारा चढ़ा दिया है.

यह भी पढ़ें...

यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद के साथ हुई इस अहम बैठक के बाद 26 सीटों की चर्चा को खारिज कर दिया गया. साथ ही दिसंबर की शुरुआत में सहारनपुर से राहुल गांधी के चुनावी अभियान के आगाज का बड़ा ऐलान कर सपा को सीधा सियासी संदेश भी दे दिया गया है.

सीट बंटवारे पर टकराव से लेकर 10 जनपथ के बड़े फैसले तक की पूरी कहानी

सीटों के तालमेल को लेकर जारी बातचीत के बीच पहले सपा की तरफ से कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिए जाने की चर्चा सामने आई, जिस पर कांग्रेस ने करीब 130 सीटों की अपनी सूची सौंप दी.  इसके कुछ ही घंटों के भीतर सपा ने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जिसमें सहारनपुर से आशु मलिक और बेहट से उमर अली खान को प्रत्याशी बनाया गया. इमरान मसूद के प्रभाव वाली इन दोनों सीटों पर सपा के ऐलान से बवाल मच गया और मसूद ने खुले तौर पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कांग्रेस 'भिखारी नहीं है' और सपा के कदम पर तीखे सवाल खड़े किए.

10 जनपथ पर मंथन और आलाकमान का संदेश

यूपी में बढ़ते सियासी घमासान के बीच दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की. इसके बाद यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद 10 जनपथ पहुंचे और शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की. बैठक के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि गठबंधन होगा तो सम्मानजनक होगा और 26 सीटों के आंकड़े को लेकर कोई बात या स्वीकार्यता नहीं है बल्कि कांग्रेस द्वारा सौंपी गई सूची के आधार पर ही आगे बातचीत होगी.

दिसंबर में सहारनपुर से चुनावी आगाज करेंगे राहुल गांधी

इस बैठक से निकला सबसे बड़ा सियासी फैसला राहुल गांधी के चुनावी अभियान को लेकर रहा. कांग्रेस नेतृत्व ने तय किया है कि राहुल गांधी दिसंबर की शुरुआत में सहारनपुर से यूपी के 2027 चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे. वहीं राजेंद्र पाल गौतम ने यह भी संकेत दिया कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में पूरा समय देंगे और सभी जोन में बैठकों के बाद जल्द ही पूरा कैंपेन लॉन्च किया जाएगा.

कांग्रेस की रणनीति के तीन बड़े सियासी मायने

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस के इन कदमों के तीन स्पष्ट संकेत हैं.

1.कांग्रेस सपा द्वारा तय की गई सीमित सीटों के फॉर्मूले को आंख बंद करके स्वीकार नहीं करेगी और अपनी संगठनात्मक ताकत के हिसाब से मोलभाव करेगी.

2.हाईकमान ने इमरान मसूद की नाराजगी को गंभीरता से लिया है और उन्हें अलग-थलग पड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए मजबूती से उनके साथ खड़ा होने का संकेत दिया है.

3.सहारनपुर जहां से इमरान मसूद सांसद हैं और जहां की दो सीटों पर सपा पहले ही प्रत्याशी उतार चुकी है वहां से राहुल गांधी के अभियान की शुरुआत करना यूपी में कांग्रेस की अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की रणनीति माना जा रहा है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिसंबर में राहुल गांधी की रैली से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के विवाद का कोई सम्मानजनक रास्ता निकल पाता है या नहीं.

ये भी पढ़ें: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वोट शेयर और सीटों का नया गणित, SCORE Intelligence के सर्वे में सामने आए ये आंकड़े