UP Weather: उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर अब धीमे-धीमे बढ़ने लगा है. नवंबर महीने के आखिरी रविवार को यूपी में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर 2026 को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग ने घने कोहरे वाले जिलों में येलो अलर्ट जारी करके लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिसके चलते कल पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने 29 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है. जिसके चलते IMD ने 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ और मऊ जिले शामिल हैं.
बारिश को लेकर क्या है अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 29 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. यानी प्रदेश में बारिश का कोई अनुमान नहीं है.
तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
बीते दिन कैसा रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभागों में मौसम शुष्क रहा है और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिला है. वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर बरेली एयरफोर्स स्टेशन में दर्ज किया गया है. शुक्रवार 27 नवंबर को राज्य में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस बांदा में दर्ज किया गया है. 28 नवंबर को दर्ज न्यूनतम तापमान में सबसे कम 9.0 डिग्री सेल्सियस हरदोई में रिकॉर्ड हुआ है.
यह भी पढ़ें: यूपी में परिसीमन के बाद भी नहीं होगा विभाजन, अमित शाह बोले- उत्तर प्रदेश अविभाजित रहेगा
ADVERTISEMENT











