गोरखपुर-सिलीगुड़ी हाईवे से 14 घंटे की दूरी 6 घंटे में होगी पूरी, यूपी से बंगाल और बिहार का सफर होगा आसान

आयशा शेख़

• 06:36 PM • 27 Nov 2026

यूपी से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर तक सड़क का सफर आने वाले समय में काफी कम हो सकता है. नितिन गडकरी ने सात ग्रीनफील्ड हाईवे कॉरिडोर की घोषणा की है.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों तक सड़क से पहुंचना आने वाले समय में आसान हो सकता है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल में सात ग्रीनफील्ड हाईवे कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है. इनमें गोरखपुर-सिलीगुड़ी हाईवे और वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे भी शामिल हैं. दोनों परियोजनाओं का सीधा फायदा उत्तर प्रदेश को मिलेगा. खासकर पूर्वांचल के लोगों को बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचने के लिए तेज सड़क कनेक्टिविटी मिल सकेगी.

यह भी पढ़ें...

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम में इन परियोजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन सात कॉरिडोर का मकसद पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करना है. इनसे औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा.

गोरखपुर-सिलीगुड़ी हाईवे से यूपी को क्या फायदा होगा?

गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड हाईवे उत्तर प्रदेश के लिहाज से इन परियोजनाओं में खास है. इसकी लंबाई करीब 570 किलोमीटर होगी और इसे छह लेन का बनाया जाएगा. परियोजना की अनुमानित लागत 38 हजार करोड़ रुपये है. हाईवे उत्तर प्रदेश से शुरू होकर बिहार और झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचेगा. इसे बागडोगरा एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा. 

फिलहाल गोरखपुर से सिलीगुड़ी पहुंचने में करीब 14 घंटे लगते हैं. हाईवे तैयार होने के बाद यह दूरी लगभग छह घंटे में तय की जा सकेगी. इससे पूर्वांचल से पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को फायदा मिल सकता है. सड़क के रास्ते कारोबार करने वाले लोगों और माल ढुलाई से जुड़े वाहनों के लिए भी यात्रा का समय कम होगा. 

वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे से भी यूपी को मिलेगा फायदा

उत्तर प्रदेश को पूर्वी भारत से जोड़ने वाली दूसरी बड़ी परियोजना वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है. इसकी कुल लंबाई 820 किलोमीटर होगी और इसे छह लेन का बनाया जाएगा. परियोजना पर करीब 75 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

गडकरी के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और इसे केंद्रीय कैबिनेट के पास भेज दिया गया है. इसका करीब 235 किलोमीटर हिस्सा पश्चिम बंगाल में होगा. एक्सप्रेसवे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के रामजीवनपुर के पास खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा.

इस सड़क के बनने से वाराणसी से कोलकाता के बीच यात्रा का समय करीब 12 घंटे से घटकर पांच घंटे रह जाएगा. उत्तर प्रदेश के लिए इसका फायदा सिर्फ यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा. वाराणसी और आसपास के इलाकों से पूर्वी भारत के बाजारों तक सामान पहुंचाने में भी समय कम लग सकता है.

सातों हाईवे कॉरिडोर में कौन-कौन सी परियोजनाएं शामिल?

  1. खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे: 231 किलोमीटर लंबा चार लेन का एक्सप्रेसवे होगा. इसकी अनुमानित लागत 10 हजार करोड़ रुपये है. इस पर काम शुरू हो चुका है और अक्टूबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बनने से खड़गपुर से मोरग्राम पहुंचने में लगने वाला समय सात घंटे से घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह जाएगा. इससे पूर्व बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली, बीरभूम, बांकुड़ा और मुर्शिदाबाद जिलों को फायदा होगा.
  2. वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे: 820 किलोमीटर लंबा छह लेन का कॉरिडोर होगा. इसकी लागत करीब 75 हजार करोड़ रुपये बताई गई है. DPR तैयार हो चुकी है और कैबिनेट को भेजी गई है. इसके बनने पर वाराणसी से कोलकाता का सफर करीब पांच घंटे में पूरा हो सकेगा.
  3. गोरखपुर-सिलीगुड़ी हाईवे: 570 किलोमीटर लंबे इस छह लेन के हाईवे पर करीब 38 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा गया है. यह उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होकर पश्चिम बंगाल पहुंचेगा. इसे बागडोगरा एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा. इसके बनने पर गोरखपुर से सिलीगुड़ी की यात्रा 14 घंटे के बजाय करीब छह घंटे में पूरी हो सकेगी.
  4. रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे: इसकी लंबाई करीब 270 किलोमीटर होगी और अनुमानित लागत 17 हजार करोड़ रुपये है. कॉरिडोर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के बीच सड़क संपर्क बेहतर करेगा. हल्दिया बंदरगाह तक पहुंच आसान होने से माल ढुलाई और व्यापार को भी फायदा मिल सकता है.
  5. सिलीगुड़ी-गुवाहाटी हाईस्पीड कॉरिडोर: करीब 400 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चार लेन का बनाया जाएगा. परियोजना की अनुमानित लागत 26 हजार करोड़ रुपये है. इसकी DPR तैयार हो चुकी है. गडकरी ने कहा कि चालू वर्ष में इसका काम शुरू करने की कोशिश की जाएगी. इसके बनने से सिलीगुड़ी से गुवाहाटी पहुंचने का समय 10 घंटे से घटकर करीब चार घंटे रह जाएगा.
  6. सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग ग्रीनफील्ड रोड: 77 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर करीब छह हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसकी DPR तैयार की जा रही है. सड़क बनने के बाद सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग का सफर तीन घंटे के बजाय करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा.
  7. सिलीगुड़ी-सिक्किम रोड: 52 किलोमीटर लंबे इस चार लेन के कॉरिडोर पर भी करीब छह हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसकी DPR पूरी हो चुकी है. इसमें सुरंगें भी बनाई जाएंगी. इसके तैयार होने पर सिलीगुड़ी से सिक्किम पहुंचने में लगने वाला समय तीन घंटे से घटकर करीब एक घंटा रह जाएगा.

यूपी के लिए क्यों अहम हैं ये परियोजनाएं?

इन घोषणाओं में गोरखपुर-सिलीगुड़ी और वाराणसी-कोलकाता कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के लिए खास हैं. दोनों सड़कें राज्य को पूर्वी भारत के बड़े शहरों और व्यापारिक केंद्रों से जोड़ेंगी. इससे यात्रियों के साथ-साथ कारोबार और माल ढुलाई से जुड़े लोगों को भी फायदा हो सकता है. गोरखपुर-सिलीगुड़ी हाईवे से पूर्वांचल का संपर्क बिहार और उत्तर बंगाल से बेहतर होगा, जबकि वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा का समय कम हो सकता है.