UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर

आयशा शेख़

• 03:36 PM • 27 Nov 2026

उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. प्रयागराज, वाराणसी, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर को नए पुलिस कमिश्नर मिले हैं. इसके अलावा लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी, कई रेंज के डीआईजी और अयोध्या-मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले गए हैं.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है. शासन ने आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है. इसमें पुलिस कमिश्नर, एडीजी जोन, डीआईजी रेंज और एसएसपी समेत कई पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है. जारी आदेश में कुल 28 अधिकारियों के नाम शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वह अभी तक वाराणसी के पुलिस कमिश्नर थे. वहीं, लक्ष्मी सिंह को गौतमबुद्ध नगर से हटाकर गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर रहे जे. रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की जिम्मेदारी दी गई है.

पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें- View PDF

चार पुलिस कमिश्नरेट में बदले गए पुलिस आयुक्त

वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में नए पुलिस आयुक्त नियुक्त किए गए हैं. पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नर के पद से हटाकर एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है. उनकी जगह मोहित अग्रवाल को प्रयागराज की जिम्मेदारी मिली है.

गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है. गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब नोएडा यानी गौतमबुद्धनगर के नए पुलिस कमिश्नर होंगे. लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वह इससे पहले लखनऊ परिक्षेत्र में तैनात थे.

लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी भी बदले

एडीजी स्तर पर भी दो अधिकारियों की अदला-बदली की गई है. बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है. वहीं, लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है.

डीआईजी रेंज की तैनाती में भी बदलाव हुआ है. अलीगढ़ परिक्षेत्र में तैनात प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है. सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा भेजा गया है.

आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश की तकनीकी सेवाओं में डीआईजी के पद पर तैनात आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है.

अयोध्या और मुरादाबाद के SSP बदले

जिलों में भी पुलिस कप्तानों की तैनाती बदली गई है. अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है. मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अब अयोध्या की जिम्मेदारी संभालेंगे.

कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी के स्तर पर भी बदलाव हुआ है. कानपुर नगर में डीसीपी रहे दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट भेजा गया है. प्रयागराज कमिश्नरेट के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत अब कानपुर नगर में तैनात होंगे.

गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में डीसीपी रहीं प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है. वहीं, गौतमबुद्धनगर में डीसीपी रहीं सुनीति को डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है.

तीन अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त

इस आदेश में तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए तबादला आदेशों को भी निरस्त किया गया है. इनमें पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत शामिल हैं. पुनीत द्विवेदी को पहले डीजीपी मुख्यालय से लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजने का आदेश हुआ था. इसे निरस्त कर अब उन्हें गाजियाबाद कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है.

इसी तरह नीतू का वाराणसी से गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर हुआ तबादला निरस्त कर दिया गया है. उन्हें अब लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. अमित कुमावत का लखनऊ से गाजियाबाद कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर हुआ तबादला भी निरस्त कर दिया गया है. उन्हें अब आगरा कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है.

ये भी पढ़ें- UPPSC PCS 2025: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया रद्द, मेंस और इंटरव्यू पर भी पड़ेगा असर