उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने पांच प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में अमरोहा से मौजूदा विधायक महबूब अली को फिर से टिकट दिया है. टिकट मिलने के बाद यूपी Tak से खास बातचीत में महबूब अली ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हुए आजीवन पार्टी के साथ रहने का संकल्प दोहराया. इस दौरान उन्होंने जेल से बाहर आए वरिष्ठ नेता आजम खान के सियासी असर, पीडीए (PDA) गठबंधन की ताकत और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT
क्या बोले महबूब अली
आजम खान के जेल से बाहर आने और चुनाव पर पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर महबूब अली ने मुलायम सिंह यादव के एक पुराने किस्से का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने एक कार्यकर्ता को डांटते हुए कहा था कि 'भैंस भी गोबर करती है, अगर गोबर को उठाओ तो उसके साथ भी कुछ मिट्टी होती है, हर आदमी का असर होता है.' महबूब अली के मुताबिक, आजम खान साहब पार्टी के बहुत बड़े नेता हैं और उनका बड़ा असर है.
अखिलेश यादव और पार्टी के प्रति जताई वफादारी: पहली लिस्ट में नाम आने पर महबूब अली ने अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह पब्लिक अकाउंट कमेटी (PAC) के चेयरमैन भी उन्हीं की बदौलत हैं. उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के आदर्शों और अखिलेश यादव के नेतृत्व के साथ वह आखिरी सांस तक खड़े रहेंगे और अपनी आने वाली नस्लों से भी यही कहेंगे.
इमरान मसूद की नाराजगी पर नसीहत
सपा की पहली सूची पर सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को लेकर महबूब अली ने कहा कि गठबंधन पार्टियों का होता है, किसी व्यक्ति की सोच का नहीं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच गठबंधन हुआ है. इसलिए किसी को व्यक्तिगत मुद्दा नहीं बनाना चाहिए और यह समझना चाहिए कि सांसद गठबंधन की बदौलत ही बने हैं.
पीडीए की पहली लिस्ट पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ समाज के हर दबे-कुचले, शोषित और परेशान वर्ग से है जो प्रदेश की 95% आबादी है. अमरोहा के स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह विकास, जल निकासी, अंडरग्राउंड बिजली लाइन, सीवर लाइन तथा कॉटन वेस्ट व ढोलक कारोबार को बढ़ावा देने के मुद्दे पर जनता के बीच जाएंगे.
ADVERTISEMENT











