Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से कथित प्रेम संबंध की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. एक 40 साल के व्यक्ति ने अपने प्रेम संबंध के चलते परिवार में रोज-रोज होने वाली कहल के कारण जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी है. परिजनों के मुताबिक मृतक अपने ही साले की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग में था. इसी रिश्ते को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद, कहासुनी और तनाव का माहौल बना हुआ था, जिसके चलते मृतक ने यह बड़ा कदम उठाया है. अब इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, तो वहीं इस रिश्ते की जमकर चर्चा भी हो रही है. हालांकि इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र की घटना
यह हैरान कर देने वाली घटना झाँसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र की है. यहां भदरवारा गांव में रहने वाले 40 साल के मनसाराम कुशवाहा ने पारिवारिक कलह के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया था. जहरीला पदार्थ खाने के बाद मृतक मनसाराम कुशवाहा की हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोग उन्हें तुरंत मऊरानीपुर के सरकारी अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने मृतक की गंभीर हालत को देखते हुए झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था. झाँसी ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
साले की पत्नी से था संबंध
परिजनों के अनुसार मृतक मनसाराम अपने साले की पत्नी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग में था. धीरे-धीरे यह बात पूरे परिवार को पता चल गई थी. इसी प्रेम प्रसंग को लेकर परिवार में आए दिन झगड़ा और तनाव का माहौल रहता था. तो वहीं मृतक की पत्नी और बच्चों ने भी कई बार इस रिश्ते का विरोध किया था.
विवाद के बाद खा लिया जहर
परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि घटना वाली रात मृतक मनसाराम की फोन पर अपनी प्रेमिका से बात हो रही थी. इसी बातचीत के दौरान फोन पर ही दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. परिजनों के अनुसार इसी विवाद के बाद मनसाराम ने तनाव के कारण जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी.
बेटे और भाई ने लगाए आरोप
मृतक मनसाराम के बेटे हरिओम ने बताया कि उसके पिता खुद परिवार को इस रिश्ते के बारे में जानकारी देते थे, जिसके चलते घर में रोज-रोज झगड़ा होता था. इतना ही नहीं, मृतक मनसाराम कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी करता था. वहीं मृतक के भाई राजेश ने बताया कि परिवार ने मनसाराम को कई बार समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ था. अब बेटे ने मृतक की प्रेमिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने बताया है कि यह मामला बहुत संवेदनशील है और परिजनों द्वारा हर आरोप की बारीकी से जांच की जा रही है. इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











