गोरखपुर में युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन की चुटकी लेते हुए कहा कि रवि किशन घर की मार से बचने के लिए मुंबई भाग गए थे. सीएम ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें तब कुछ काम-धाम आता नहीं था, इसलिए उन्होंने सोचा कि चलो फिल्मों में ही काम कर लिया जाए. हालांकि, मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत की सराहना करते हुए यह भी कहा कि रवि किशन अपनी लगन से आज एक सफल कलाकार बन गए हैं, लेकिन हर युवा ऐसा नहीं कर पाता.
ADVERTISEMENT
यूपी फिल्म सिटी से युवाओं को मिलेगा मंच, मुंबई भटकने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म सिटी का जिक्र करते हुए कहा कि अगर राज्य में पहले से फिल्म सिटी होती, तो रवि किशन जैसे कलाकारों को मुंबई में जाकर भटकना नहीं पड़ता. उन्होंने जानकारी दी कि फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने 24 अप्रैल को फिल्म सिटी के शिलान्यास के लिए समय मांगा है. सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि अब पूर्वांचल और यूपी के नौजवानों को अभिनय सीखने और अपनी कला दिखाने के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, उन्हें प्रदेश के अंदर ही सही मंच मिलेगा.
मंच पर रवि किशन की 'खिंचाई' और टिकट कटने की चर्चा
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से रवि किशन के साथ हंसी-मजाक किया हो. इससे पहले भी एक कार्यक्रम में सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा था कि परिसीमन और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने के बाद गोरखपुर की सीट महिला कोटे में जा सकती है, जिससे रवि किशन का टिकट कट सकता है. सोशल मीडिया पर रवि किशन और मुख्यमंत्री के इन साझा पलों की रीलें काफी वायरल होती हैं, जहां मुख्यमंत्री के कटाक्ष के बाद अंत में रवि किशन 'हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त करते हैं.
ADVERTISEMENT









