Gonda Fraud Case: उत्तर प्रदेश के गोंडा में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग शफीक अली को गिरफ्तार किया है, जो माथे पर तिलक लगाकर 'पंडित रामस्वरूप शर्मा' और 'बड़े पुजारी' के वेश में लोगों को लूटता था. यह आरोपी घरों में पूजा के दौरान चुपके से सांप छोड़कर खौफ का माहौल बनाता था और फिर सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो जाता था. पुलिस ने इस मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर उसके पास से ठगी के करीब 27 लाख रुपये बरामद किए हैं.
ADVERTISEMENT
पूजा के दौरान छोड़ता था सांप
गोंडा पुलिस के हत्थे चढ़े मेरठ निवासी शफीक अली उर्फ 'बड़े पुजारी' के कारनामे बेहद हैरान करने वाले हैं. यह शातिर ठग अखबारों के साथ पेंपलेट बांटकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था. पुलिस के मुताबिक, शफीक हिंदू पुजारी 'पंडित रामस्वरूप शर्मा' या 'भगत जी' का वेश धरकर लोगों के घर 65 दिनों की विशेष पूजा का झांसा देता था. वह घर की सुख-शांति के नाम पर सारे जेवरात एक स्टील के डिब्बे में रखवाता था. पूजा के दौरान वह छुपकर एक सांप निकाल देता था, जिसे देखकर घरवाले डर के मारे भाग जाते थे. इसी खौफ का फायदा उठाकर वह जेवरात लेकर वहां से फरार हो जाता था.
नेपाल में बेचे जेवर, 27 लाख बरामद
इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब एक पीड़ित ने 6 मई 2026 को पुलिस में अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी. गोंडा जिले की मनकापुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 19 जून 2026 को मुख्य आरोपी शफीक अली को बंदरहा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए जेवरातों को बेचकर जुटाए गए लगभग 26 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस की पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि यह गिरोह यूपी से लूटे गए आभूषणों को नेपाल ले जाकर बेच देता था.
गिरोह के पांच सदस्य पहले ही गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने इस शातिर सिंडिकेट की जानकारी देते हुए बताया है, 'संगठित अपराध करने वाले इस गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी 7 मई 2026 को पूर्व में ही की जा चुकी है, जबकि आज मुख्य अभियुक्त शफीक अली को गिरफ्तार किया गया है.' पुलिस के मुताबिक, पहले पकड़े गए आरोपियों के नाम नमर, हसरत अली, इमरान, इंसाद और तौहीद हैं. इस गिरोह के खिलाफ गोंडा के नगर कोतवाली, मनकापुर और बहराइच के दरगाह शरीफ थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT









