Ghazipur Weather News: जनपद में इस समय खेती को लेकर किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. जमानिया और सेवराई तहसील क्षेत्र में सामान्य परिस्थितियों में अब तक धान की रोपाई लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन पर्याप्त बारिश न होने और क्षेत्र की विभिन्न नहरों में भरपूर मात्रा में पानी न छोड़े जाने के कारण खेती प्रभावित हो रही है.
ADVERTISEMENT
खेतों में नमी की कमी के चलते कई किसानों को रोपाई का कार्य रोकना पड़ा है. नहर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर कम होने के कारण नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है. उनका कहना है कि जैसे ही जलस्तर में वृद्धि होगी, नहरों में भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई में राहत मिल सकेगी.
इधर, बारिश के लिए गांवों में विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं. कहीं हरिकीर्तन आयोजित हो रहे हैं तो कहीं मस्जिदों में दुआएं मांगी जा रही हैं. किसानों का कहना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो धान की रोपाई और अधिक प्रभावित होगी तथा उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है.
मौसम की बात करें तो दिनभर उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद वर्षा नहीं हो रही है. कभी तेज धूप निकलती है तो कभी बादल छा जाते हैं, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है. बारिश न होने से आमजन भी गर्मी से बेहाल हैं.
ADVERTISEMENT











