Ghazipur Weather News: गाजीपुर जनपद और दिलदारनगर क्षेत्र में इन दिनों उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद तेज धूप और हवा में अधिक नमी के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है. सुबह से ही वातावरण में चिपचिपाहट बनी रहती है, जबकि दोपहर के समय उमस का असर और अधिक बढ़ जाता है.
ADVERTISEMENT
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, क्षेत्र का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण महसूस होने वाला तापमान (रियल फील) 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा.
दोपहर के समय धूप और उमस के कारण सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिल रही है. चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, लेकिन उमस से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है.
ADVERTISEMENT











