इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक अनिल गर्ग सोसाइटी की 17वीं मंजिल से कूद गए, आखिरी नोट में लिखी मिली ये बात

नोएडा के सेक्टर-104 में एटीएस वन हेमलेट सोसाइटी में इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक अनिल गर्ग ने 17वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी. मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.

भूपेंद्र चौधरी

• 03:45 PM • 04 Jan 2026

follow google news

नोएडा की एक हाई-राइज़ सोसाइटी में शनिवार की सुबह उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के कार्यकारी निदेशक अनिल गर्ग की अचानक मौत की खबर सामने आई.  बता दें कि अनिल ने अपनी सोसाइटी की 17वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया. सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हेमलेट सोसाइटी में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. यह मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र का है और घटना के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं. 

यह भी पढ़ें...

शव का हुआ पोस्टमार्टम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल गर्ग के रूप में हुई है. अनिल मूल रूप से कानपुर के रहने वाले थे. वे वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-104 में एटीएस वन हेमलेट सोसाइटी में रहते थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. 

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है. नोट में अनिल गर्ग ने अपने जीवन में चल रहे मानसिक तनाव का जिक्र किया है. इसके साथ ही अपने परिवार के प्रति गहरा लगाव भी जताया है. पुलिस फिलहाल इस सुसाइड नोट को जांच का अहम आधार मानते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.

हर पहलू से होगी जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. परिजनों और सोसाइटी से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें. अभी तक किसी भी अन्य कोण से जांच से इनकार नहीं किया गया है. वहीं इस घटना के बाद एटीएस वन हेमलेट सोसाइटी में शोक और स्तब्धता का माहौल है. 

यह भी पढ़ें: UP Police Bharti Age: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में आयु सीमा विवाद पर समझ में नहीं आ रहा बोर्ड का ये रुख!