Firozabad Murder: यूपी के फिरोजाबाद में जमीन विवाद में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां 9 बीघा जमीन के लालच में एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
जमीन के लालच में हुई हत्या
यह सनसनीखेज मामला फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर इलाके के कोरारीखेड़ा गांव का है. यहां 38 साल की सोनी नाम की महिला की हत्या कर दी गई है. सोनी के पति संदीप की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती है, जिस वजह से सोनी ही अपने हिस्से की 9 बीघा जमीन की देखभाल करती थी. उसका जेठ नेपाल सिंह इस जमीन पर कब्जा करना चाहता था, इसलिए वह सोनी को खेत पर जाने और काम करने से अक्सर रोकता था.
जेठ ने कुल्हाड़ी से ली जान
जब सोनी अपनी जमीन के हक के लिए पीछे नहीं हटी, तो उसके जेठ ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. देर रात जब सोनी खेत पर घास काट रही थी, तब नेपाल सिंह ने अंधेरे का फायदा उठाया. उसने सोनी के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल जेठ वहां से भाग निकला.
फरार जेठ की तलाश में पुलिस
इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मृतका के भाई अमृतलाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नेपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं. आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.
ADVERTISEMENT










