Noida Man Death: यूपी के नोएडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सेक्टर 94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी की 43वीं मंजिल से एक युवक ने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मृतक की पहचान संभव जैन (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुरुग्राम के मानेसर का रहने वाला था.
ADVERTISEMENT
एयरबीएनबी में रुका था मृतक युवक
पुलिस की जानकारी के अनुसार, संभव जैन शुक्रवार को सुपरनोवा बिल्डिंग के एक एयरबीएनबी फ्लैट में रुका था. शनिवार को उसे वहां से चेकआउट करना था, लेकिन उससे पहले ही उसने बालकनी से कूदने का खौफनाक कदम उठा लिया. जानकारी के मुताबिक कूदते समय पास के फ्लैट में कुछ लोग एसी की मरम्मत कर रहे थे. उन्होंने युवक को ऐसा करने से रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और नीचे कूद गया.
पिता को मैसेज भेज दी जानकारी
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि संभव जैन काफी डिप्रेशन में था और उस पर बहुत कर्ज था. यह खौफनाक कदम उठाने से पहले उसने अपने पिता को व्हाट्सएप पर मैसेज किया था. मैसेज में उसने लिखा था कि वह अब जीना नहीं चाहता है और अपनी मौत का जिम्मेदार वह खुद है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है.
सोसाइटी में एयरबीएनबी को लेकर विवाद
इस घटना से ठीक दो दिन पहले इसी सोसाइटी में एयरबीएनबी को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया था. एक रेंटल युवक ने लग्जरी कार से सोसाइटी का बैरियर तोड़ दिया था. इसके बाद सोसाइटी के लोगों ने एक मीटिंग करके एयरबीएनबी और रेंटल गतिविधियों पर रोक लगाने का फैसला लिया था. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस विवाद का संभव जैन की घटना से कोई संबंध है या नहीं. फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










