प्रेमानंद महाराज के आश्रम 'राधा केली कुंज' के बाहर हंगाम, लापता हुए बच्चों को ढूंढने पहुंचे परिजन

यूपी तक

• 12:36 PM • 04 Oct 2026

Premanand Maharaj Ashram: मथुरा स्थित प्रेमानंद महाराज के 'राधा केली कुंज' आश्रम के बाहर इन दिनों भारी हंगामा और बवाल चल रहा है. महाराष्ट्र और कासगंज से आए परिवार अपने लापता बच्चों की तलाश में आश्रम पहुंचे और जमकर हंगामा किया है.

Google CTA

Premanand Maharaj: मथुरा स्थित प्रेमानंद महाराज के 'राधा केली कुंज' आश्रम के बाहर इन दिनों भारी हंगामा और बवाल देखने को मिल रहा है. आश्रम के शिष्य रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत के बाद से ही यहां कई विवाद खड़े हो गए हैं. हाथरस से आए एक परिवार ने आरोप लगाया कि उनका 17 साल का बेटा अनुज पिछले 3 महीने से लापता है. इसके बाद महाराष्ट्र और कासगंज से भी कई अन्य परिवार अपने लापता बच्चों की तलाश में आश्रम पहुंचे और जमकर हंगामा किया. पुलिस ने हाथरस के लापता अनुज को बरसाना से बरामद कर लिया है, लेकिन अन्य परिवारों का विरोध अब भी जारी है.

यह भी देखें...

रोते हुए बोलीं मां- 'मेरा बेटा मुझे चाहिए'

महाराष्ट्र के संभाजी नगर से आईं उज्ज्वला नाम की एक मां ने रोते हुए आश्रम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनका बेटा ओम परमेश्वर पिछले 8 महीने से घर से दूर है और वह प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखा करता था. उज्ज्वला के मुताबिक, 23 जुलाई को जब वह आश्रम आईं, तो उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया. काफी मिन्नतों और पुलिस की मदद के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया, लेकिन उन्हें उनके बेटे से नहीं मिलने दिया गया. उन्होंने रोते हुए कहा, "ऐसा कौन सा भगवान है जो एक मां को उसके बेटे से नहीं मिलने देता? मुझे मेरा बेटा चाहिए, नहीं तो मैं यहीं धरने पर बैठूंगी."

अन्य परिवारों के भी लापता हैं बच्चे

उज्ज्वला के अलावा कई अन्य परिवार भी अपने बच्चों की तलाश में आश्रम के बाहर पहुंचे. कासगंज के रहने वाले 16 साल के मयंक के परिजनों ने बताया कि उनका बेटा 7 अगस्त को प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था और अब तक वापस नहीं लौटा है. मथुरा के ही एक अन्य परिवार का बेटा भी लापता बताया जा रहा है. बच्चों की तलाश में पहुंचे इन लोगों की आश्रम के सेवकों और अनुयायियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई. आश्रम के लोगों का कहना है कि यह सब प्रेमानंद महाराज को बदनाम करने की एक साजिश है.

आश्रम ने जारी की आधिकारिक अपील

रसिक दुलारी की मौत और बढ़ते विवादों के बीच राधा केली कुंज ट्रस्ट ने अपने फेसबुक पेज पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है. ट्रस्ट ने कहा है कि पिछले दिनों हुई घटना से पूज्य महाराज और सभी अनुयायी बहुत आहत हैं. ट्रस्ट ने साधक के परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है. इसके साथ ही, आश्रम ने सभी लोगों से अपील की है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक अधूरी जानकारी या अफवाहों के आधार पर महाराज और आश्रम की छवि को खराब न करें.