संभल से सुर्खियों में आए तेजतर्रार पुलिस अधिकारी और एसपी देहात अनुज चौधरी एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार मामला फिरोजाबाद में चल रही कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ा है.
ADVERTISEMENT
कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते और खुद शिवभक्तों का स्वागत करते हुए अनुज चौधरी ने सख्त लहजे में साफ कर दिया है कि शासन के नियमों से कोई समझौता नहीं होगा.
सड़क पर नमाज और कांवड़ यात्रा पर क्या बोले अनुज चौधरी?
कांवड़ यात्रा और सड़क पर नमाज को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देते हुए अनुज चौधरी ने कहा,
"मुस्लिम समाज के पास नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में काफी जगह है, लेकिन कांवड़ यात्रा में करोड़ों हिंदू श्रद्धालु शामिल होते हैं और यह यात्रा सड़क से होकर ही गुजर सकती है. ऐसे में प्रशासन का फर्ज है कि श्रद्धालुओं के लिए रास्ता सुगम और सुरक्षित बनाए."
उन्होंने आगे दोहराया कि पुलिस और प्रशासन की मुख्य जिम्मेदारी हर धर्म के पर्व और त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है, और इसके लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, वो उठाए जाएंगे.
नॉनवेज और अंडे के ठेलों पर पूरी तरह बैन
कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकानों को लेकर जारी शासनादेश का जिक्र करते हुए एसपी देहात ने सख्त लहजे में चेतावनी दी. कहा कि कांवड़ यात्रा के पूरे रूट पर किसी भी हाल में नॉनवेज की दुकानें नहीं खुलेंगी. रास्ते में अंडों के ठेले लगाने पर भी पूरी तरह पाबंदी रहेगी. शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने साफ किया कि शिवभक्तों की आस्था और पवित्रता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
2000 पुलिसकर्मी और CCTV से पैनी नजर
फिरोजाबाद जिले में कांवड़ यात्रा को बिना किसी बाधा के पूरा कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने जमीन से लेकर आसमान तक कड़े इंतजाम किए हैं. पूरे यात्रा मार्ग को 20 अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी दिन-रात तैनात हैं.
पूरे रास्ते को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. सोशल मीडिया या मौके पर अफवाह फैलाने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की विशेष टीम पैनी नजर रख रही है.
ADVERTISEMENT











